Chandauli News: चोरी की बाइक और मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार, साथी अंधेरे में फरार.
“इलिया पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। बाइक पर सवार उसका साथी पुलिस को चकमा देकर अंधेरे में फरार हो गया। पूछताछ में बाइक चोरी की घटना का खुलासा हुआ।”
chandauli
4:17 PM, Aug 16, 2026
Share:


चोरी की बरामद सुपर स्प्लेंडर बाइक के साथ इलिया पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : गोविंद कुमार, चकिया, चंदौली.
चंदौली। इलिया पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की सुपर स्प्लेंडर बाइक और एंड्रायड मोबाइल फोन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान बिहार के कैमूर-भभुआ जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के हाटा गांव निवासी लोरिक यादव (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम मालदह की ओर से आने वाले नहर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो लोगों को रोकने का प्रयास किया गया। बाइक पर पीछे बैठा युवक उतरकर खेत की ओर भाग गया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने बाइक चला रहे लोरिक यादव को पकड़ लिया।
तलाशी में आरोपी के पास से रेडमी का एंड्रायड मोबाइल और सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई। चेचिस नंबर के आधार पर ई-चालान एप से जांच करने पर बाइक का पंजीकरण नंबर UP67Y0755 मिला। पुलिस ने वाहन स्वामी से संपर्क कर बाइक की जानकारी दी। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी के साथ कुछ माह पहले चंदौली स्थित श्रीराधा कृष्ण लॉन से बाइक चोरी की थी। दोनों इसी चोरी की बाइक से चकिया स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे, तभी पुलिस की चेकिंग में पकड़े गए।
विज्ञापन
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार साथी की तलाश में पुलिस जुटी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय, उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह, कांस्टेबल रवि यादव और कांस्टेबल शिवम सिंह शामिल रहे।
