Chandauli News: डंफर की टक्कर से युवक की मौत, 10 दिनों में तीसरे हादसे से फूटा लोगों का गुस्सा.
"इस संबंध में शहाबगंज थानाध्यक्ष कृपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।"
chandauli
6:14 PM, Jun 3, 2026
Share:


घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क किया जाम मौके पर मौजूद पुलिस
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: रतीश कुमार, शहाबगंज (चंदौली).
चंदौली। चकिया-चंदौली मार्ग पर भारतमाला परियोजना में लगे डंफरों की रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बुधवार दोपहर शहाबगंज थाना क्षेत्र के करनौल तिराहे के पास तेज रफ्तार डंफर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि चेतावनी और कार्रवाई के दावों के बावजूद सड़क पर दौड़ रहे डंफरों की मनमानी पर लगाम नहीं लग पा रही है।
जानकारी के अनुसार धानापुर थाना क्षेत्र के भदाहूं गांव निवासी 30 वर्षीय हलचल पुत्र शंकर बाइक से कहीं जा रहे थे। अपराह्न करीब तीन बजे जैसे ही वह करनौल तिराहे के पास पहुंचे, मिट्टी लदे तेज रफ्तार डंफर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दस दिनों के भीतर यह तीसरा बड़ा सड़क हादसा है। भारतमाला परियोजना में लगे डंफर लगातार तेज रफ्तार और लापरवाही से सड़क पर दौड़ रहे हैं। सड़क पर जगह-जगह गिरी मिट्टी और धूल दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही है। बारिश के दौरान यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे सड़क फिसलन भरी हो जाती है। ग्रामीणों ने डंफरों की रफ्तार नियंत्रित करने, नियमित चेकिंग अभियान चलाने और दोषी चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।
