Chandauli News: बलुआ पुल से युवक ने गंगा में लगाई छलांग, अगले दिन मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका.
"इस मामले में बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।"
chandauli
1:45 PM, May 25, 2026
Share:


Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने गंगा पुल से छलांग लगा दी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने देर रात तक गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। रविवार दोपहर युवक का शव पुल के नीचे गंगा किनारे उतराया मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार रामगढ़ निवासी 28 वर्षीय शुभम खरवार पुत्र मुन्ना खरवार अपने पिता के साथ नाश्ते की दुकान चलाता था। शनिवार सुबह करीब 8 बजे वह घर से यह कहकर निकला था कि वाराणसी की एक निजी कंपनी में नौकरी के सिलसिले में जा रहा है। शाम के समय उसकी बाइक बलुआ गंगा पुल के पास खड़ी मिली, जबकि युवक ने कथित तौर पर पुल से गंगा में छलांग लगा दी। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। बलुआ एसओ अरुण प्रताप सिंह निजी गोताखोरों के साथ नाव से करीब चार घंटे तक युवक की तलाश कराते रहे, लेकिन अंधेरा होने के कारण सर्च अभियान रोकना पड़ा।
विज्ञापन
वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने युवक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। रात में बड़ी संख्या में परिजन बलुआ थाने पहुंच गए। रविवार सुबह परिजनों ने नया मोड़ देते हुए हत्या की आशंका जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक की हत्या कर शव गंगा में फेंका गया है। इस संबंध में परिजनों ने थाने में तहरीर भी दी। दोपहर में पुलिस और परिजनों ने गंगा घाटों के आसपास खोजबीन शुरू की, तभी शुभम का शव पुल के नीचे उतराया मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
