Jaunpur News: जमानत के बहाने 41 लाख की लूट का आरोप, अधिवक्ता गिरफ्तार.
“जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र में 41 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने एक अधिवक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वाराणसी में जमानत के सिलसिले में आए राजस्थान निवासी व्यक्ति को जौनपुर ले जाकर दो कारोबारियों से रकम दिलाने के बाद रास्ते में रुपये और मोबाइल लूट लिए गए थे।”
chandauli
9:30 PM, Sep 20, 2026
Share:


जौनपुर पुलिस कि गिरफ्त में आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में अधिवक्ता और उसके साथी पर 41 लाख रुपये लूटने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी अधिवक्ता अभिनव सिंह उर्फ चंदन निवासी जमऊपट्टी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार, 35 लाख रुपये नकद और अन्य लूटा सामान बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार राजस्थान के बीकानेर निवासी जयपाल शर्मा अपने भाई की जमानत के सिलसिले में वाराणसी आए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात अधिवक्ता अभिनव सिंह से हुई। आरोप है कि जमानत की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 5 सितंबर को अधिवक्ता उन्हें जौनपुर ले गया, जहां दो जौहरी कारोबारियों से क्रमशः 22 लाख और 19 लाख रुपये कुल 41 लाख रुपये दिलाए गए। पुलिस के मुताबिक वापसी के दौरान कार को यू-टर्न लेकर रोक दिया गया और वादी का मोबाइल छीनकर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि उसे करीब 20 से 30 किलोमीटर तक घुमाने के बाद टोल प्लाजा के पास रुपयों से भरा बैग छीनकर उसे गाड़ी से नीचे उतार दिया गया।
विज्ञापन
मामले में 16 सितंबर को डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया गया था। पुलिस के अनुसार शिकायत के साथ बातचीत की रिकॉर्डिंग का भी उल्लेख किया गया। डीआईजी के निर्देश पर 20 सितंबर को बक्शा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 477/26, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने शेष छह लाख रुपये व्यक्तिगत खर्च में इस्तेमाल करने की बात बताई है। मामले में उपदेश पाठक निवासी सुल्तानपुर फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस टीम के लिए 50 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है।



