“पापा-मम्मी हमें पढ़ाओ…” नारों के साथ निकली स्कूल चलो रैली.
बीजपुर में कंपोजिट विद्यालय नेमना द्वारा स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली गई, प्रभारी प्रधानाध्यापक सुमन वर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बच्चों ने “पापा मम्मी हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलो नाम लिखाओ” जैसे नारों से जागरूकता फैलाई। रैली नेमना से पनीकान बस्ती होते हुए भांटाबारी टोला तक निकाली गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राधेश्याम गुर्जर ने अभिभावकों से बच्चों का नामांकन कराने की अपील की।
sonbhadra
7:43 PM, Apr 7, 2026
Share:


शिक्षकों ने घर-घर जाकर लोगों को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जनपद में चलाए जा रहे “स्कूल चलो अभियान” के तहत मंगलवार को कंपोजिट विद्यालय नेमना में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य क्षेत्र के अभिभावकों को अपने बच्चों का नामांकन विद्यालय में कराने तथा उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करना था। रैली का शुभारंभ प्रभारी प्रधानाध्यापक सुमन वर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इसके बाद विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न जागरूकता नारों के साथ रैली निकाली। “आधी रोटी खाएंगे, फिर भी पढ़ने जाएंगे”, “एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा” और “पापा मम्मी हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलो नाम लिखाओ” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। रैली विद्यालय परिसर से निकलकर नेमना के पनीकान बस्ती होते हुए भांटाबारी टोला तक पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों और अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। शिक्षकों ने घर-घर जाकर अभिभावकों से संवाद स्थापित किया और बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राधेश्याम गुर्जर ने भी प्रतिभाग किया और बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी अभिभावक अपने बच्चों को शिक्षा से जोड़ें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और हर बच्चे को इसका अधिकार मिलना चाहिए। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष लाले राम वैश्य ने बताया कि आज परिषदीय एवं कंपोजिट विद्यालयों में सरकार द्वारा पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विद्यालयों का इंफ्रास्ट्रक्चर लगातार बेहतर हो रहा है, जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। इस अवसर पर शिक्षक मनोज कुमार दुबे, ज्वाला प्रसाद, दिग्विजय सिंह यादव, शिक्षिका उर्मिला विश्वकर्मा सहित कई अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा के प्रति लोगों में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।
