Sonbhadra: 10 दिन से लापता युवक का शव मिला, पैर रस्सी से बंधे थे, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई.
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में 10 दिन से लापता एक युवक का शव घाघर नहर में मिला है। मृतक के पैर रस्सी से बंधे हुए थे, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
sonbhadra
7:23 PM, Jan 3, 2026
Share:


मृतक का फ़ाइल फ़ोटो।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में 10 दिन से लापता एक युवक का शव घाघर नहर में मिला है। मृतक के पैर रस्सी से बंधे हुए थे, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के अमौली गांव के पास की है। शुक्रवार सुबह ग्रामीण खेतों की ओर टहलने निकले थे, तभी उन्हें अमौली गांव से सटी घाघर नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव उतराया हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में शव की पहचान नौडिया पन्नूगंज निवासी अखिलेश यादव उर्फ कन्हैया (उम्र 25) के रूप में हुई। अखिलेश बीते 23 दिसंबर से घर से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने पन्नुगंज थाने में दर्ज कराई थी। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि अखिलेश की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है और इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतक की पत्नी सुनीता ने बताया कि 23 दिसंबर को उनके पति अखिलेश यादव घर आए थे। नहाने के बाद उन्होंने एक मुर्गा पार्टी में जाने की बात कही और शाम 7 बजे घर से निकले थे। घर के बाहर एक बोलेरो गाड़ी खड़ी थी, जिसमें बैठकर वह चले गए थे। इसके बाद उनकी मौत की ही खबर मिली। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि शुक्रवार को रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के अमौली गांव में नहर में एक युवक का शव मिला था। शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर दी गई है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना के सफल अनावरण के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। मृतक का दाह संस्कार करा दिया गया है।



