Sonbhadra News: 12 वर्षीय बालक हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार.
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ कस्बे में 12 वर्षीय बालक की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
sonbhadra
4:39 PM, Mar 15, 2026
Share:


पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया- पुलिस।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ कस्बे में 12 वर्षीय बालक आर्यन गुप्ता की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। एसओजी और पन्नूगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी दिवाकर गुप्ता (20) पुत्र गुलाब गुप्ता निवासी कसारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 14 मार्च की रात करीब साढ़े आठ बजे आर्यन गुप्ता की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के नाना शिवमूरत गुप्ता की तहरीर पर पन्नूगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी की चार टीमों का गठन किया गया था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रविवार को पकरहट नहर पलिया राकी गांव के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक के परिवार से उसका पुराना पारिवारिक और जमीन का विवाद चल रहा था। साथ ही उसे मृतक की मां पर जादू-टोना करने का शक था। करीब 15 वर्ष पहले उसके भाई की जलकर हुई मौत को लेकर भी वह वादी पक्ष को जिम्मेदार मानता था। इसी रंजिश में उसने बालक की हत्या कर दी। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपी ने पहले से चाकू खरीदा था और शराब के नशे में सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। उस समय आर्यन अपने मित्र राज के साथ खेल रहा था। आरोपी ने दोनों बच्चों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन राज वहां से भागकर परिजनों को सूचना दे दी।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और उसके विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह, एसओजी व सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश चौबे, हेड कांस्टेबल सुशील सिंह, कांस्टेबल ओमप्रकाश यादव तथा एसओजी टीम के सतीश सिंह पटेल, रितेश सिंह पटेल, अजीत कुमार और चालक अजीत यादव शामिल रहे।
