Sonbhadra News: सड़क पार करते समय पिकअप की चपेट में आया 13 वर्षीय बालक, मौत.
करमा थाना क्षेत्र के रामपथरा गांव में सड़क पार करते समय पिकअप की चपेट में आने से 13 वर्षीय प्रियांशु की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पिकअप वाहन को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई शुरू की।
sonbhadra
9:47 PM, Oct 3, 2026
Share:


हादसे में घायल व्यक्ति को पुलिस और परिजन एंबुलेंस से अस्पताल ले जाते दिखे
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
करमा थाना क्षेत्र के रामपथरा गांव में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पार करते समय 13 वर्षीय बालक पिकअप वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बालक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान प्रियांशु (13) पुत्र ओम प्रकाश, निवासी रामपथरा गांव, थाना करमा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रियांशु शनिवार शाम करीब पांच बजे सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने पिकअप वाहन को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में करमा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और वाहन को कब्जे में लेकर थाने ले गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। करमा थाना प्रभारी कमलेश पाल ने बताया कि पुलिस ने बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन से संबंधित तथ्यों की भी जांच कर रही है। इधर, हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। कम उम्र में प्रियांशु की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


