Sonbhadra News: मालगाड़ी की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, गांव में पसरा मातम.
विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली-फुलवार बॉर्डर पर सोमवार शाम मालगाड़ी की चपेट में आने से 14 वर्षीय शिवकुमार कन्नौजिया की मौत हो गई। सूचना पर रेलवे पुलिस और विंढमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले मृतक के पिता की भी इसी क्षेत्र के पास ट्रेन से कटकर मौत हुई थी।
sonbhadra
9:27 PM, Jul 27, 2026
Share:


महुली-फुलवार रेलवे ट्रैक पर किशोर की मौत के बाद घटनास्थल पर जुटी ग्रामीणों की भीड़।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली-फुलवार बॉर्डर पर सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान महुली गांव निवासी शिवकुमार कन्नौजिया (14) पुत्र स्वर्गीय दीपक कुमार कन्नौजिया के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय शिवकुमार अचानक दौड़ते हुए रेलवे ट्रैक की ओर पहुंच गया। उसी दौरान सामने से तेज गति से मालगाड़ी आ रही थी। देखते ही देखते वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (जीआरपी) और विंढमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। इस घटना ने ग्रामीणों को इसलिए भी गहरे सदमे में डाल दिया क्योंकि स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले मृतक के पिता दीपक कुमार कन्नौजिया की भी इसी क्षेत्र के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई थी। पिता और पुत्र की एक ही स्थान के निकट हुई असामयिक मृत्यु को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग इसे बेहद दुखद संयोग बता रहे हैं। घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर पर शोक व्यक्त करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे महुली समेत आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
