Sonbhadra News: संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ के सेवन से 16 वर्षीय किशोरी की मौत.
म्योरपुर थाना क्षेत्र स्थित लिलासी गांव की 16 वर्षीय माया गुप्ता ने संदिग्ध परिस्थितियों में चुहे मारने की दवा खा ली थी। हालत बिगड़ने पर उसे सीएचसी म्योरपुर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने उसे पहले ही उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया था, लेकिन परिजन उसे नहीं ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
sonbhadra
3:54 PM, Jun 2, 2026
Share:


संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ सेवन के बाद उपचार के दौरान हुई मौत।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के लिलासी गांव में एक 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में चुहे मारने की दवा खाने से मौत हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर में उपचार के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लिलासी गांव निवासी माया गुप्ता (16) पुत्री आलमचंद ने सोमवार को किसी कारणवश चुहे मारने की दवा (विषाक्त पदार्थ) का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। किशोरी का इलाज कर रही चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने बताया कि मरीज की स्थिति गंभीर होने के कारण सोमवार शाम उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया था। हालांकि परिजन उसे अन्यत्र नहीं ले गए और सीएचसी में ही उपचार कराते रहे।
विज्ञापन
बताया जाता है कि मंगलवार सुबह किशोरी की हालत में कुछ सुधार देखने को मिला था। चिकित्सकों ने परिजनों को मरीज को कुछ भी खाने-पीने से मना किया था, लेकिन परिजनों द्वारा पानी पिला दिए जाने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मेमो के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही लिलासी चौकी प्रभारी मनोज सिंह अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि किशोरी द्वारा विषाक्त पदार्थ का सेवन किए जाने की जानकारी मिली है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतका माया गुप्ता लिलासी स्थित राजा चंडोल इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।



