Sonbhadra News: ट्रेन की चपेट में आने से 16 वर्षीय छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम.
दुद्धी के दीघुल गांव में मंगलवार को ट्रेन की चपेट में आने से 16 वर्षीय इंटर की छात्रा शाहिना परवीन की मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे सीएचसी दुद्धी से जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
sonbhadra
6:58 PM, Oct 13, 2026
Share:


ट्रेन हादसे में जान गंवाने वाली 16 वर्षीय छात्रा शाहिना परवीन की तस्वीर और घटनास्थल पर जुटे ग्रामीण।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के दीघुल गांव में मंगलवार को ट्रेन की चपेट में आने से 16 वर्षीय इंटर की छात्रा शाहिना परवीन की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। छात्रा की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, दीघुल गांव निवासी मुराद अंसारी की पुत्री शाहिना परवीन दुद्धी स्थित बालिका इंटर कॉलेज में इंटर की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को वह शौच के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने पीआरबी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय कोतवाली पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शाहिना की मौत की खबर मिलते ही परिजन बदहवास होकर अस्पताल पहुंचे। बेटी को खोने के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घर में मातम छा गया और घटना की जानकारी मिलने पर गांव में भी शोक का माहौल बन गया। जिस बेटी के बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर परिवार उसे पढ़ा रहा था, उसकी अचानक मौत से परिजन सदमे में हैं। बताया गया कि शाहिना चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी। उसके परिवार में तीन बहनें और एक भाई हैं। घटना के बाद परिवार के लोगों को सांत्वना देने के लिए ग्रामीण भी पहुंचे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। छात्रा ट्रेन की चपेट में कैसे आई और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।


