Sonbhadra News: मजदूर-किसानों की समस्याओं को लेकर 17 सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा.
उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन ने मजदूरों, किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर राज्यपाल के नाम 17 सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा। मांगों में कानूनी एमएसपी, सरकारी खरीद, बभनी में स्थायी कृषि क्रय केंद्र, रोजगार की गारंटी और न्यूनतम मजदूरी का समय से भुगतान शामिल है। यूनियन ने बभनी की स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने, अस्पताल में दवाएं, जांच सुविधाएं और पर्याप्त डॉक्टर उपलब्ध कराने की भी मांग की।
sonbhadra
9:06 PM, Aug 10, 2026
Share:


सोनभद्र में मजदूर-किसानों की समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन करते श्रमिक संगठन के पदाधिकारी और राज्यपाल के नाम मांग-पत्र सौंपते कार्यकर्ता।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
मजदूरों, किसानों और आम जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन, जनपद सोनभद्र की ओर से सोमवार को महामहिम राज्यपाल के नाम उप श्रमायुक्त/श्रम विभाग, पिपरी के माध्यम से 17 सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा गया। यूनियन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, रोजगार की गारंटी, न्यूनतम मजदूरी का समय से भुगतान और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने समेत कई मांगें उठाईं। यूनियन की ओर से कहा गया कि मजदूरों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाए और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने तथा बेरोजगारी की समस्या दूर करने की भी मांग की गई। किसानों से जुड़ी मांगों में फसलों के लिए कानूनी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी और सरकारी खरीद सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रही। विकासखंड बभनी में पर्याप्त संख्या में स्थायी कृषि क्रय केंद्र खोले जाने की मांग भी की गई, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए परेशान न होना पड़े।
विज्ञापन
बभनी की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी यूनियन ने गंभीर चिंता जताई। मांग-पत्र में सरकारी अस्पताल में सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और अन्य जरूरी जांच की नियमित सुविधा सुनिश्चित करने की मांग की गई। अस्पताल में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि गरीब मरीजों को बाहर से महंगी दवाएं खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े। इसके अलावा अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के रिक्त पद तत्काल भरने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित व्यवस्था करने की मांग उठाई गई। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि मजदूर, किसान और गरीब जनता के अधिकारों से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इस दौरान ट्रेड यूनियन नेता राजेंद्र प्रसाद, सुरेंद्र पाल, देव कुमार विश्वकर्मा, हरिनारायण तिवारी, महेश मिश्रा, मेघनाथ पासवान, अवधनारायण सिंह, लालचंद समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने मजदूर एकता और किसान एकता के नारे लगाते हुए मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।
