Sonbhadra News: 302 खोए मोबाइल बरामद, 45 लाख की संपत्ति लौटाकर सोनभद्र पुलिस ने जीता लोगों का भरोसा.
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सर्विलांस सेल, एसओजी और विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से 302 खोए मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये है। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल ने बताया कि मई 2026 में मोबाइल बरामदगी के मामले में सोनभद्र पुलिस ने 66 प्रतिशत सफलता दर के साथ उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
sonbhadra
2:40 PM, Jun 21, 2026
Share:


सोनभद्र पुलिस द्वारा बरामद 302 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
जनपद पुलिस ने आमजन के खोए और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 302 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है। शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए सोनभद्र पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के मार्गदर्शन में सर्विलांस सेल, एसओजी टीम एवं जनपद के विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों द्वारा यह अभियान चलाया गया। सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण और सतत निगरानी कर गुम हुए मोबाइल फोनों को ट्रेस किया गया।
विज्ञापन
अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रूणवाल ने बताया कि 21 जून 2026 तक सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से कुल 302 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि आज इन सभी मोबाइल फोनों को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा जा रहा है। यह सफलता पुलिस टीमों की तकनीकी दक्षता, समन्वित प्रयास और लगातार की गई मॉनिटरिंग का परिणाम है। उन्होंने बताया कि मई 2026 में सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल बरामदगी के मामले में सोनभद्र पुलिस ने 66 प्रतिशत सफलता दर हासिल की। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जनपद सोनभद्र ने पूरे उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
यह उपलब्धि जनपद पुलिस के लिए गौरव की बात है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में नागरिकों को तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए या निकटतम थाने में सूचना देनी चाहिए। इससे समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई संभव हो पाती है तथा मोबाइल फोन बरामद होने की संभावना बढ़ जाती है। कार्यक्रम के दौरान मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल जाएगा, लेकिन सोनभद्र पुलिस की सक्रियता से उन्हें उनका बहुमूल्य सामान वापस मिल गया।
