Sonbhadra News: 336 मोबाइल वापस, ₹27 लाख साइबर रकम लौटाकर पुलिस ने जीता लोगों का दिल, पीड़ितों के चेहरे खिले.
सोनभद्र पुलिस ने CEIR पोर्टल से 336 खोए मोबाइल (₹65 लाख) बरामद कर लौटाए। एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सर्विलांस व एसओजी टीम सक्रिय रही। साथ ही 66 पीड़ितों को ₹27.26 लाख की साइबर ठगी राशि वापस कराई गई। मोबाइल मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया। पुलिस ने साइबर फ्रॉड पर 1930 हेल्पलाइन पर तुरंत शिकायत की अपील की।
sonbhadra
1:39 PM, May 3, 2026
Share:


सोनभद्र में CEIR से 336 मोबाइल बरामद, ₹65 लाख की संपत्ति लौटाई-पुलिस की बड़ी सफलता।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
जनपद में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस को उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मार्च 2026 से अब तक CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से कुल 336 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग ₹65 लाख बताई जा रही है। बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया गया। इस उपलब्धि में सर्विलांस सेल, एसओजी टीम और जनपद के सभी थानों की संयुक्त टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल द्वारा एक कार्यक्रम के दौरान पीड़ितों को उनके मोबाइल फोन वितरित किए गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी क्रम में साइबर क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल साइबर क्राइम) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के मार्गदर्शन में साइबर सेल, साइबर क्राइम थाना और हेल्प डेस्क की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 मार्च 2026 से अब तक 66 पीड़ितों को कुल ₹27,26,442 की ठगी गई धनराशि वापस कराई है। इसके अलावा फरवरी 2026 में भी 86 पीड़ितों को ₹35,86,160 की राशि वापस दिलाई जा चुकी है। यह सफलता NCRP पोर्टल की सतत निगरानी, साइबर हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान, संदिग्ध बैंक खातों को तत्काल होल्ड कराने और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के माध्यम से हासिल की गई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिन मामलों में मोबाइल चोरी की पुष्टि होती है, उनमें मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
विज्ञापन
वहीं, खोए हुए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से ट्रेस कर उनके मालिकों तक पहुंचाया जाता है। मोबाइल वापस पाने वाले कई लोगों ने अपने अनुभव साझा किए। मारकुंडी निवासी अर्चना गिरी ने बताया कि बनारस में फोन खोने के छह महीने बाद उसे वापस पाकर बेहद खुशी हुई। शक्तिनगर निवासी ने बताया कि आठ-नौ महीने बाद मोबाइल पाकर बहुत अच्छा लग रहा है पुलिस अच्छा काम कर रही है। शाहगंज की अंशिका सिंह नाम बताया कि फोन किसी को लेना नहीं चाहिए क्योंकि आजकल की पुलिस इतना एडवांस हो गई है और हमें पूरा भरोसा है कि पुलिस हमारा फोन ढूंढ लेगी। ग्राम पनारी के शंकर द्विवेदी ने बताया दिसंबर में कहीं जा रहे थे जैकेट में रखे थे फोन कहीं गिर गया और पुलिस के द्वारा। हमारा मोबाईल मिल गया। शंकर द्विवेदी ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
