Sonbhadra News: 60 किलो गांजा बरामद, ₹30.25 लाख बताई गई कीमत; काजू के छिलकों की आड़ में हो रही थी तस्करी.
ऑपरेशन शुद्धि के तहत ANTF मेरठ, SOG सोनभद्र और रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर 60 किलो 525 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। चुर्क मोड़ यात्री शेड, लोढ़ी के पास काजू के छिलकों से भरे कट्टों के बीच गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने एटा निवासी चालक ऋषि कुमार यादव को गिरफ्तार कर आयशर कैंटर और मोबाइल फोन बरामद किया है।
sonbhadra
5:20 PM, Oct 27, 2026
Share:


ऑपरेशन शुद्धि के तहत गांजा तस्करी के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया, मौके से गांजे से भरे तीन कट्टे बरामद किए।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ANTF यूनिट मेरठ, SOG सोनभद्र और थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए काजू के छिलकों की आड़ में तस्करी कर ले जाए जा रहे 60 किलो 525 ग्राम अवैध गांजे की बरामदगी की है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30.25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से आयशर कैंटर चालक को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन, एक मोबाइल फोन और 100 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्र के नेतृत्व में ANTF यूनिट मेरठ, SOG सोनभद्र तथा थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम को यह सफलता मिली।
चेकिंग के दौरान कैंटर से बरामद हुआ गांजा-:
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम ने शक्तिनगर-वाराणसी मार्ग पर लोढ़ी स्थित चुर्क मोड़ यात्री शेड के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक आयशर कैंटर को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में काजू के छिलकों से भरे कट्टे रखे हुए थे। तलाशी लेने पर कट्टों के बीच छिपाकर रखे गए तीन प्लास्टिक कट्टों से कुल 60 किलो 525 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ऋषि कुमार यादव पुत्र स्वर्गीय विनेश कुमार, निवासी ग्राम किशनपुर, थाना कोतवाली देहात, जनपद एटा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 100 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
उड़ीसा से एटा ले जाया जा रहा था गांजा-:
विज्ञापन
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह उड़ीसा के भुवनेश्वर क्षेत्र से काजू के छिलकों की आड़ में गांजा लेकर आ रहा था। इस गांजे को जनपद एटा में एक व्यक्ति को सौंपना था। अभियुक्त के अनुसार, उड़ीसा निवासी एक व्यक्ति ने उसे गांजा लाने के लिए आयशर कैंटर उपलब्ध कराया था। इस काम के बदले उसे 40 हजार रुपये अतिरिक्त देने का लालच दिया गया था।पुलिस अब इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए विवेचनात्मक कार्रवाई कर रही है। जांच में गांजे की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति और इसे प्राप्त करने वाले कथित व्यक्ति के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज-:
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा अपराध संख्या 839/2026 दर्ज किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27A/29/60/61 के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध वर्ष 2020 में थाना कोतवाली देहात, जनपद एटा में दो मुकदमे दर्ज हुए थे। इनमें एक मामला दंड प्रक्रिया संहिता की धाराओं तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 411, 420, 467 और 468 से संबंधित था, जबकि दूसरा मामला आयुध अधिनियम की धारा 25/3 के तहत दर्ज था। वर्तमान गांजा तस्करी का मामला तीसरा दर्ज मुकदमा बताया गया है।
संयुक्त पुलिस टीम की रही अहम भूमिका-:
इस कार्रवाई में SOG सोनभद्र के निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, ANTF यूनिट मेरठ के उपनिरीक्षक लोकेन्द्र कुमार और थाना रॉबर्ट्सगंज के उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव सहित ANTF, SOG और रॉबर्ट्सगंज थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई में 60 किलो 525 ग्राम गांजा, एक आयशर कैंटर, एक मोबाइल फोन और 100 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



