Sonbhadra News: फर्जी फर्म के जरिए GST चोरी का बड़ा मामला आया सामने, 70 लाख की बोगस ITC घोटाले का खुलासा.
सोनभद्र में फर्जी फर्म के जरिए GST चोरी का मामला सामने आया है। SIT टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आसिफ अली को गिरफ्तार किया है, जिसने करीब 70 लाख रुपये की बोगस ITC का दुरुपयोग किया। जांच में पता चला कि बिना वास्तविक व्यापार के कागजी लेन-देन दिखाकर सरकार को टैक्स नहीं दिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल, फर्जी दस्तावेज, कार व नकदी बरामद की है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
sonbhadra
5:05 PM, Apr 3, 2026
Share:


मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
प्रदेश सरकार के निर्देश पर कर अपवंचन, फर्जी फर्मों के संचालन एवं इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के दुरुपयोग के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत जनपद सोनभद्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित एसआईटी टीम ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में दर्ज मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर फर्जी GST घोटाले का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ अली पुत्र रुस्तम अली निवासी डाला बाजार, थाना चोपन के रूप में हुई है। आरोपी ने M/S D.K. Associates नामक फर्म के माध्यम से जीएसटी पंजीकरण कराकर अलग-अलग वित्तीय वर्षों में लगभग 70 लाख रुपये की बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का फर्जीवाड़ा किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा दाखिल रिटर्न में ITC रिवर्सल दर्शाया गया, लेकिन वास्तविक खरीद-बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज जैसे टैक्स इनवॉइस, बिल्टी या ई-वे बिल उपलब्ध नहीं कराए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बिना वास्तविक व्यापार किए कूटरचित दस्तावेजों के सहारे फर्जी लेन-देन दर्शाया और सरकार को मिलने वाले राजस्व का भुगतान नहीं किया। यह कृत्य सरकारी धन के गबन की श्रेणी में आता है। दिनांक 02 अप्रैल 2026 को शाम करीब 4:30 बजे वैष्णो देवी मंदिर, डाला के सामने एसआईटी टीम ने तकनीकी विश्लेषण और डेटा मॉनिटरिंग के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक फाइल में फर्जी दस्तावेज, एक मारुति XL6 कार तथा ₹26,450 नकद बरामद किए गए। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि फर्जी फर्म खोलकर GST चोरी करने वाले कई लोग चिन्हित किए गए हैं और इसको लेकर थाना रॉबर्ट्सगंज में कई मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी द्वारा केवल कागजों पर लेन-देन दिखाकर ITC का दुरुपयोग किया जा रहा था, जबकि वास्तविक व्यापार नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में सरकार को मिलने वाला कर जमा न करना गबन की श्रेणी में आता है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जिन भी लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
