Sonbhadra News: लाहौरी जीरा की पेटियों की आड़ में चल रहा था तस्करी का बड़ा खेल, सोनभद्र पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा.
सोनभद्र में ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। ट्रक से 625 पेटियों में 9,588 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब, लाहौरी जीरा की 1,275 यूनिट और दो मोबाइल बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, शराब समेत बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये है।
sonbhadra
4:00 PM, Oct 15, 2026
Share:


शराब तस्करी का खुलासा, पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक समेत भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
जनपद में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 625 पेटियों में रखी 9,588 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये है। इसके अलावा लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की 1,275 यूनिट, तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि 14 और 15 अक्टूबर की दरमियानी रात हिंडुआरी के पास एसओजी और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक ट्रक में सामान की आड़ में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर बैरिकेडिंग के जरिए ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में बाहर की तरफ लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियां रखी मिलीं, जबकि उनके पीछे भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाई गई थी। बरामद शराब रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन ब्रांड की थी। पुलिस के मुताबिक, शराब की पेटियों पर ‘Only for Sale in Punjab State’ अंकित था, जिससे इसके पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित होने की जानकारी सामने आई।
हरियाणा से रांची ले जाई जा रही थी शराब-:
विज्ञापन
एसपी के अनुसार, पूछताछ में ट्रक चालक और खलासी ने शराब हरियाणा से लादकर झारखंड की राजधानी रांची ले जाने की बात बताई। वहां एक चौराहे के पास दूसरे व्यक्ति को शराब की खेप सौंपने की योजना थी। पुलिस ने इस मामले में नसीम चंद राजपूत और कृष्णपाल राजपूत को गिरफ्तार किया है। दोनों हिमाचल प्रदेश के निवासी बताए गए हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी-:
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शराब ट्रक पर लदवाने सहित तस्करी में शामिल कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में शामिल लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि अंतरराज्यीय शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।



