Sonbhadra News: हिंदुआरी में 1.60 करोड़ की लागत से बनेगी आत्मनिर्भर वृहद गौशाला.
नई हिंदुआरी में डीएमएफ फंड से 1.60 करोड़ रुपये की लागत से आत्मनिर्भर वृहद गौशाला बनाई जाएगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने परियोजना को मंजूरी देते हुए बताया कि गौशाला में आधुनिक शेड, चारा भंडारण कक्ष और वर्मी कम्पोस्ट यूनिट स्थापित की जाएगी। जैविक खाद की बिक्री से होने वाली आय से गौशाला का संचालन आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
sonbhadra
7:54 PM, Jul 15, 2026
Share:


आत्मनिर्भर वृहद गौशाला परियोजना को मंजूरी देते जिलाधिकारी चर्चित गौड़।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए सोनभद्र जिला प्रशासन ने नई पहल की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने नई हिंदुआरी में डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (डीएमएफ) फंड से 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से आत्मनिर्भर वृहद गौशाला के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है। निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित गौशाला का उद्देश्य निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करना है। गौशाला में गोवंश के सुरक्षित आवास के लिए दो आधुनिक शेड बनाए जाएंगे, जिन पर 82.88 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं, चारा भंडारण के लिए 12.67 लाख रुपये की लागत से भंडारण कक्ष का निर्माण कराया जाएगा, जिससे पूरे वर्ष चारे की उपलब्धता बनी रहे। गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने के लिए परिसर में लगभग 15 लाख रुपये की लागत से वर्मी कम्पोस्ट यूनिट भी स्थापित की जाएगी। गोबर से तैयार जैविक खाद की बिक्री से होने वाली आय का उपयोग गोवंश के चारा, पानी, उपचार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर किया जाएगा। इससे गौशाला का संचालन आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बन सकेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि गौशाला में स्वच्छ पेयजल, नियमित टीकाकरण, पशु चिकित्सा सुविधा और गोवंश की समुचित देखभाल की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना गोवंश संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
