Sonbhadra News: ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम.
सोनवट पेट्रोल पंप के पास रविवार दोपहर ट्रैक्टर की चपेट में आने से पन्नूगंज निवासी सत्यम उर्फ राहुल सोनी (24) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। परिजनों ने बिना सूचना दिए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पन्नूगंज थाने पर नारेबाजी के बाद रामगढ़ में चक्का जाम कर दिया।
sonbhadra
8:43 PM, Jun 7, 2026
Share:


सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद बिलखते परिजन और शोक में डूबे ग्रामीण, घटना से पूरे क्षेत्र में पसरा मातम।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: कन्हैया लाल यादव, पन्नूगंज।
सोनभद्र।
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के सोनवट पेट्रोल पंप के समीप रविवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पहले पन्नूगंज थाने पर प्रदर्शन किया और बाद में रामगढ़ कस्बे में चक्का जाम कर आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की। जानकारी के अनुसार पन्नूगंज गांव निवासी सत्यम उर्फ राहुल सोनी (24) पुत्र नंदलाल सोनी किसी आवश्यक कार्य से खंड़ुई गांव गए हुए थे। रविवार दोपहर करीब 1:15 बजे कार्य समाप्त कर बाइक से घर लौटते समय सोनवट पेट्रोल पंप के आगे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर का पहिया राहुल के सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हालांकि परिजनों का आरोप है कि उन्हें घटना की सूचना दिए बिना ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि मृतक का घर घटनास्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।
विज्ञापन
परिजनों का कहना है कि जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक शव रवाना किया जा चुका था। इस बात से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने पहले पन्नूगंज थाने के सामने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे रामगढ़ कस्बे में नहर के पास चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, ट्रैक्टर की बरामदगी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। चक्का जाम की सूचना पर क्षेत्राधिकारी राज सोनकर सहित रामपुर बरकोनिया और रायपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
मृतक राहुल सोनी दो भाइयों में बड़े थे। परिवार में एक बहन, पत्नी और करीब एक-दो माह का मासूम पुत्र है। उनके पिता नंदलाल सोनी रामगढ़ बाजार में "राहुल ज्वेलर्स" नाम से आभूषण की दुकान संचालित करते हैं। घटना के समय वह उत्तराखंड गए हुए थे और हादसे की सूचना मिलने के बाद तत्काल घर के लिए रवाना हो गए। पन्नूगंज प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह ने बताया कि मृतक के चाचा सुनील सोनी की तहरीर पर ट्रैक्टर मालिक एवं चालक भोला अग्रवाल निवासी पन्नूगंज के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं घटना को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार ने बताया आज सुबह लगभग 12 से 12:30 के आसपास पन्नूगंज निवासी सत्यम सोनी की एक ट्रैक्टर से टक्कर हो जाने के फलस्वरुप उनकी मृत्यु हो गई। इस संबंध में थाना पन्नूगंज पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए ट्रैक्टर को बरामद कर लिया गया है तथा अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों द्वारा आक्रोश में आकर कुछ समय के लिए रोड को जाम किया गया था परिजनों को समझा बुझाकर रोड खाली करवा दिया गया है। मौके पर कानून संबंधित कोई समस्या नहीं है अभियोग में अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
