Sonbhadra News: कलेक्ट्रेट में संवेदनशील पदार्थ लेकर पहुंचा युवक, पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी घटना.
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली निवासी भरूहा गांव निवासी नरेंद्र तिवारी कथित रूप से चारागाह की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत को लेकर लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रहा था। कार्रवाई न होने से नाराज होकर वह कलेक्ट्रेट में संवेदनशील पदार्थ लेकर पहुंच गया।मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पदार्थ कब्जे में ले लिया। सूचना पर पहुंचे एडीएम न्यायिक रमेश चंद्र ने युवक से पूछताछ की और मामले की जांच की।
sonbhadra
8:27 PM, May 6, 2026
Share:


मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पदार्थ कब्जे में ले लिया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
लोढ़ी स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक बैग में संवेदनशील पदार्थ लेकर परिसर में पहुंच गया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता और तत्परता से समय रहते पदार्थ को कब्जे में ले लिया गया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई। युवक कथित तौर पर अपनी शिकायतों पर कार्रवाई न होने से नाराज बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार युवक की पहचान नरेंद्र तिवारी निवासी भरूहा गांव, रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है। युवक का आरोप है कि उसके गांव की चारागाह की सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है। इस संबंध में वह कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की थी। बताया जा रहा है कि बुधवार को युवक बैग में संवेदनशील पदार्थ लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गया। परिसर में ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद तलाशी लेने पर बैग में रखा पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल पदार्थ को अपने कब्जे में लेकर युवक को रोक लिया। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक अधिकारियों में भी हलचल बढ़ गई। सूचना पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चंद्र मौके पर पहुंचे और युवक से पूछताछ की। युवक ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं बताते हुए कहा कि वह कई दिनों से न्याय की मांग को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही। उसने यह भी कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह बड़ा कदम उठाने को मजबूर हो सकता है। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चंद्र ने बताया कि युवक की शिकायत प्राप्त कर ली गई है। मामले को संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
