मुख्य खबरें/न्यूज़/sonbhadra news a young man who was out for a walk was attacked with a sharp weapon referred in critical condition

Sonbhadra News: टहलने निकले युवक पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर हालत में रेफर.

डूभा गांव में टहलने निकले 23 वर्षीय युवक प्रिंस कुमार पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे सीएचसी म्योरपुर ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। युवक के शरीर पर करीब आधा दर्जन वार के निशान मिले हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।

sonbhadra

11:25 PM, Jul 28, 2026

Share:

Sonbhadra News: टहलने निकले युवक पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर हालत में रेफर.
logo

बभनी के डूभा गांव में धारदार हथियार से घायल युवक को परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले जाते हुए।

Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें

Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।

बभनी थाना क्षेत्र के डूभा गांव में मंगलवार देर शाम एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। टहलने निकले युवक को अज्ञात हमलावरों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। घायल युवक की पहचान प्रिंस कुमार (23) पुत्र बिगन प्रसाद, निवासी ग्राम डूभा, थाना बभनी के रूप में हुई है। घायल के पिता बिगन प्रसाद ने बताया कि उनका पुत्र प्रतिदिन की तरह मंगलवार शाम घर से टहलने निकला था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं लग सका। इसके बाद अनहोनी की आशंका में परिवार के लोग उसकी तलाश में उस रास्ते पर पहुंचे, जहां वह रोज टहलने जाता था। तलाश के दौरान प्रिंस सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके शरीर से काफी खून बह रहा था और धारदार हथियार से कई स्थानों पर वार किए गए थे। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले जाया गया। सीएचसी म्योरपुर में तैनात चिकित्सक डॉ. संजीव बिंद ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि युवक के शरीर पर धारदार हथियार से करीब आधा दर्जन वार किए गए थे। हमले में उसके एक हाथ की नस भी कट गई थी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि परिजन उसे निजी वाहन से दूसरे अस्पताल लेकर चले गए। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और हमलावरों की पहचान भी नहीं हो सकी है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि सूचना या शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


headingicon

सम्बंधित खबर


headingicon

विज्ञापन


headingicon

लोकल न्यूज़

और देखे
headingicon

विज्ञापन

headingicon

विज्ञापन

Design and Developed by SpriteEra IT Solutions Pvt. Ltd.
© Copyright Purvanchal Bhaskar 2025. All rights reserved.