Sonbhadra News: रिहंद डैम में मछली पकड़ने गए युवक की डूबने से मौत, दलदल में फंसा शव गोताखोरों ने निकाला.
बीजपुर थाना क्षेत्र स्थित रिहंद डैम में मछली पकड़ने गए 29 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। सोमवार देर शाम गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी में करीब 10 फीट नीचे दलदल में फंसे शव को बाहर निकाला। घटना से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
sonbhadra
9:03 PM, Jul 6, 2026
Share:


रिहंद डैम में डूबे युवक कामेश्वर की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाते गोताखोर; कड़ी मशक्कत के बाद दलदल से शव बरामद किया गया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बीजपुर थाना क्षेत्र के सिरसोती गांव स्थित रिहंद डैम में मछली पकड़ने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सोमवार देर शाम विशेष गोताखोरों ने कई घंटे चले सर्च अभियान के बाद पानी में दलदल में फंसे युवक के शव को बाहर निकाला। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार, सिरसोती गांव निवासी कामेश्वर (29) पुत्र राम लक्षण रविवार रात करीब नौ बजे रिहंद डैम में मछली पकड़ने गया था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने डैम के आसपास उसकी तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजन पूरी रात उसकी खोजबीन में जुटे रहे। सोमवार सुबह ग्राम प्रधान के माध्यम से घटना की सूचना बीजपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआत में गांव के कुशल तैराकों की मदद से युवक की तलाश कराई गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मिर्जापुर से एनडीआरएफ को सूचना दी गई और मध्य प्रदेश के बैढ़न से विशेष गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। बैढ़न से पहुंचे गोताखोरों ने कई घंटे तक रिहंद डैम में सर्च ऑपरेशन चलाया। सोमवार देर शाम उन्होंने पानी में करीब 10 फीट नीचे दलदल में फंसे कामेश्वर के शव को बरामद कर बाहर निकाला। गोताखोरों के अनुसार शव गहराई में दलदल में फंस गया था, जिसके कारण उसे खोजने में काफी समय लगा। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शव बरामद होने के बाद रेणुकूट के लिए रवाना हुई एनडीआरएफ टीम को रास्ते से ही वापस कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एनटीपीसी रिहंद की मर्चरी में रखवा दिया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। युवक की असामयिक मौत से सिरसोती गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
