Sonbhadra News: अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ने किया घोरावल थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण.
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने घोरावल थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। शस्त्रागार, मालखाना, अभिलेख, मेस और आवासीय परिसर की व्यवस्थाएं परखी गईं। मिशन शक्ति के तहत महिला एवं बाल सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर जरूरी निर्देश दिए गए।
sonbhadra
7:47 PM, Sep 28, 2026
Share:


एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने घोरावल थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने सोमवार को थाना घोरावल का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। थाना परिसर पहुंचने पर गार्ड द्वारा उन्हें सलामी दी गई, जिसके बाद उन्होंने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, शस्त्रागार, मालखाना, मेस और आवासीय परिसर का निरीक्षण किया। शस्त्रागार में मौजूद हथियारों और कारतूसों का भौतिक सत्यापन किया गया। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों से शस्त्रों को खोलने और दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया का परीक्षण भी कराया गया। उन्होंने शस्त्रों की सुरक्षित देखरेख और पुलिसकर्मियों द्वारा नियमित अभ्यास किए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद मालखाने और थाने में रखे विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव, अभिलेखीकरण और संबंधित प्रविष्टियों को नियमानुसार व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। महिला हेल्प डेस्क, महिला संबंधी शिकायतों के निस्तारण, महिलाओं एवं बालिकाओं को सहायता उपलब्ध कराने तथा संबंधित हेल्पलाइन के प्रचार-प्रसार की जानकारी ली गई। उन्होंने महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ने थाना पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनका कुशल-क्षेम जाना। उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी लेते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय, थाना प्रभारी घोरावल समेत थाने पर तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



