Sonbhadra News: भीषण गर्मी को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने जारी की एडवाइजरी; दोपहर में बाहर निकलने से बचने की अपील.
सोनभद्र में बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करने तथा सिर ढककर ही धूप में जाने की अपील की है।डीएम ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को दवाएं, ओआरएस और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दए
sonbhadra
4:28 PM, May 23, 2026
Share:


हीटवेव में सभी नागरिक अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें- जिलाधिकारी.
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के चलते जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि की संभावना जताए जाने के बाद जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने लोगों से लू (हीटवेव) के प्रभाव से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। जिलाधिकारी ने कहा कि पहाड़ी एवं गर्म जलवायु वाले जनपद सोनभद्र में हीटवेव का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, श्रमिकों तथा बीमार व्यक्तियों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए सभी नागरिक अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। जिलाधिकारी ने बताया कि हीटवेव से बचाव के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में दवाएं, ओआरएस, प्राथमिक उपचार सामग्री एवं चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निकायों को पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा श्रम विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को जनजागरूकता अभियान चलाने के लिए कहा गया है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि दोपहर 12 बजे से अपराह्न 4 बजे तक अत्यधिक आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को गमछे, कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। हल्के रंग के सूती और ढीले कपड़े पहनें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें। जिलाधिकारी ने कहा कि खेतों, निर्माण स्थलों और खुले स्थानों पर कार्य करने वाले श्रमिक समय-समय पर विश्राम अवश्य करें। बच्चों और बुजुर्गों को अनावश्यक रूप से धूप में न जाने दें। यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हों तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क कर चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें। उन्होंने लोगों से खाली पेट धूप में न निकलने, अत्यधिक धूप में लगातार काम न करने तथा बंद वाहनों में बच्चों या पशुओं को अकेला न छोड़ने की भी सलाह दी। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर लोग स्वयं और अपने परिवार को हीटवेव के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रख सकते हैं।



