Sonbhadra News: आंधी-बारिश अलर्ट पर प्रशासन सख्त, गांव-गांव मुनादी और शायरन बजाकर चलाया जा रहा जागरूकता अभियान.
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सोनभद्र जिला प्रशासन ने व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में पंचायत भवनों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर-बैनर लगाए जा रहे हैं। गांव-गांव मुनादी कर लोगों को आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। किसानों, पशुपालकों और मजदूरों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
sonbhadra
6:44 PM, May 29, 2026
Share:


जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के विशेष निर्देश पर पूरे जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
मौसम विभाग द्वारा 29 और 30 मई को जनपद में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के विशेष निर्देश पर पूरे जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि संभावित प्राकृतिक आपदा से जनहानि और पशुहानि को रोका जा सके। जिलाधिकारी के निर्देशन में ग्राम पंचायतों, नगर पंचायतों तथा संबंधित विभागों को सक्रिय कर दिया गया है।
पंचायत भवनों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा संबंधी पोस्टर और बैनर लगाए जा रहे हैं। साथ ही गांव-गांव मुनादी कराकर तथा लाउडस्पीकर और शायरन के माध्यम से लोगों को मौसम की संभावित स्थिति की जानकारी दी जा रही है। प्रशासन द्वारा लोगों को बताया जा रहा है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। विशेष रूप से पेड़ों के नीचे खड़े होने, खुले मैदानों में रहने तथा बिजली के खंभों और तारों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम सामान्य होने तक सतर्कता बरतने को कहा गया है।
विज्ञापन
जिला प्रशासन ने किसानों, पशुपालकों और खेतों में कार्य करने वाले मजदूरों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। किसानों से कहा गया है कि खराब मौसम के दौरान खेतों में कार्य करने से बचें तथा अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखें। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों और पंचायत कर्मियों को भी लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने डायल 112, राजस्व विभाग, आपदा प्रबंधन टीम तथा अन्य संबंधित विभागों को भी अलर्ट पर रखा है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें और खराब मौसम के दौरान पूरी सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 अथवा कंट्रोल रूम नंबर 1077 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। जिला प्रशासन का यह जागरूकता अभियान लगातार जारी है और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जनपद के प्रत्येक गांव तक सुरक्षा संबंधी संदेश पहुंचाया जाए, जिससे संभावित प्राकृतिक आपदा के दौरान जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।



