Sonbhadra News: कस्तूरबा गांधी विद्यालय में दाखिला, पांच महीने बाद भी कक्षाएं शुरू नहीं.
बभनी के उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में प्रवेश के करीब पांच महीने बाद भी कक्षाएं शुरू नहीं हो सकीं। कक्षा 9 में 45 और कक्षा 11 में 10 छात्राओं का नामांकन हुआ है। भवन/कमरों का काम पूरा नहीं होने और विषयवार शिक्षिकाओं की कमी से पढ़ाई प्रभावित है। क्षेत्रवासियों ने शिक्षिकाओं की नियुक्ति कर जल्द कक्षाएं शुरू कराने की मांग की है।
sonbhadra
1:02 PM, Aug 22, 2026
Share:


उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक की तस्वीर, जहां छात्राओं के नामांकन के बावजूद शिक्षण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी स्थित उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कक्षा 9 और 11 में छात्राओं का प्रवेश तो हो गया है, लेकिन दो-तीन महीने बाद भी कक्षाओं का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। इससे छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है। विद्यालय में कक्षा 9 में 45 छात्राओं और कक्षा 11 में 10 छात्राओं का नामांकन किया गया है। अप्रैल में हुए नामांकन के बाद से अब तक लगभग 5 महीने बीत चुके हैं, लेकिन शिक्षण कार्य शुरू नहीं हो सका है। कक्षाएं शुरू न होने का मुख्य कारण नए भवन या कमरों का निर्माण कार्य पूरा न होना और माध्यमिक स्तर के लिए विषयवार शिक्षकों की कमी है। शिक्षिकाओं की नियुक्ति प्रक्रिया अभी भी लंबित है। अपना दल के विधानसभा उपाध्यक्ष अर्जुन गुप्ता ने बताया कि बभनी ब्लॉक के 6 से 8 तक के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को 9 से 12 तक उच्चीकृत किया गया है। सोनभद्र जिले के कुल 6 ब्लॉकों के कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय इस सत्र में उच्चीकृत हुए हैं, लेकिन किसी भी ब्लॉक में अभी तक अध्यापिकाओं की भर्ती नहीं हुई है।उन्होंने कहा कि अध्यापकों की नियुक्ति न होने से बालिकाओं को शिक्षण कार्य कराने में दिक्कत आ रही है और उनका भविष्य अधर में है। क्षेत्र के निवासियों अनिल, अमित, दिनेश और अजय कुमार ने जिलाधिकारी से जल्द से जल्द अध्यापिकाओं की भर्ती की मांग की है ताकि छात्राओं को उच्च शिक्षा मिल सके। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों को जल्द ही संचालित कराया जाएगा।



