Sonbhadra News: सोनभद्र में अधिवक्ताओं ने मनाई सरदार पटेल की 151वीं जयंती, राष्ट्र की एकता और अखंडता का लिया संकल्प.
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के सभागार में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। अधिवक्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
sonbhadra
6:14 PM, Oct 31, 2026
Share:


डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के अधिवक्ताओं ने सरदार पटेल की जयंती पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के तत्वावधान में शनिवार को डीबीए सभागार में देश के प्रथम गृह मंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
सैकड़ों रियासतों को एकजुट कर रखी अखंड भारत की नींव-:
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व महामंत्री एवं पूर्व डीजीसी रामजियावान सिंह यादव ने की। इस दौरान वक्ताओं ने सरदार पटेल के अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व की चर्चा करते हुए कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपनी कुशल राजनीतिक सूझबूझ और दृढ़ संकल्प से देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत की।
सरदार पटेल के आदर्श आज भी प्रासंगिक: जगजीवन सिंह-:
विज्ञापन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक थे। उनका संपूर्ण जीवन देशहित और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचार, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता आज भी देशवासियों को प्रेरणा प्रदान करते हैं।
राष्ट्र की एकता बनाए रखना ही सच्ची श्रद्धांजलि: पवन कुमार सिंह-:
पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। वर्तमान समय में उनके आदर्शों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक को अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। यही लौह पुरुष के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अधिवक्ताओं ने लिया राष्ट्रीय एकता का संकल्प-:
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री राजेंद्र कुमार यादव एडवोकेट ने किया। अंत में उपस्थित अधिवक्ताओं ने सरदार पटेल के आदर्शों एवं सिद्धांतों पर चलने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रदीप कुमार मौर्य, प्रेम प्रताप विश्वकर्मा, राजेश कुमार यादव, पंकज यादव, राजकुमार सिंह, सुरेश सिंह, रियाज खान, संतोष यादव, कामता प्रसाद यादव, संगीता, सुमन एडवोकेट, अनूप शुक्ला, आकृति निर्भया, बीपी सिंह, चतुर्भुज शर्मा, सुदेश कुमार, हरिद्वार, रामगुल्ली यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।


