ब्रेकिंग न्यूज़
sliderimg
sliderimg
मुख्य खबरें/न्यूज़/sonbhadra news again we need patel we need a crackdown on terrorists poets awakened the flame of patriotism through their compositions

Sonbhadra News: फिर से हमें पटेल चाहिए, आतंकियों पर नकेल चाहिए... कवियों ने रचनाओं से जगाई राष्ट्रभक्ति की अलख.

सोनभद्र कचहरी स्थित बार सभागार में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भव्य काव्य संध्या आयोजित हुई। कवियों ने राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सरोकार, हास्य और व्यंग्य से परिपूर्ण रचनाएं प्रस्तुत कीं। प्रद्युम्न त्रिपाठी की 'फिर से हमें पटेल चाहिए' रचना ने श्रोताओं में विशेष उत्साह भर दिया।

sonbhadra

6:11 PM, Oct 31, 2026

Share:

Sonbhadra News: फिर से हमें पटेल चाहिए, आतंकियों पर नकेल चाहिए... कवियों ने रचनाओं से जगाई राष्ट्रभक्ति की अलख.
logo

सरदार पटेल जयंती पर अधिवक्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर लौह पुरुष के योगदान को याद किया।

Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें

Story By: अनुज जायसवाल।

सोनभद्र।

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को शहीद स्थल करारी एवं सोनभद्र बार एसोसिएशन के साहित्य प्रकोष्ठ के संयुक्त संयोजन में बार सभागार कचहरी में भव्य काव्य संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कवियों ने अपनी ओजपूर्ण, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सरोकारों और हास्य-व्यंग्य से परिपूर्ण रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरी महफिल में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक चेतना की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि ईश्वर विरागी ने की। इस दौरान दिवाकर द्विवेदी मेघ, अजय चतुर्वेदी कक्का, बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव एडवोकेट एवं महामंत्री योगेश कुमार द्विवेदी ने मां सरस्वती और लौह पुरुष सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

'फिर से हमें पटेल चाहिए' रचना ने भरा जोश-:

आयोजक प्रद्युम्न त्रिपाठी ने वाणी वंदना के साथ काव्य संध्या का आगाज किया। उन्होंने अपनी चर्चित पंक्तियां 'फिर से हमें पटेल चाहिए, आतंकियों पर नकेल चाहिए, राष्ट्र अखंडता रहे सुरक्षित, अपराधियों को जेल चाहिए' सुनाकर श्रोताओं में जोश भर दिया। उनकी रचना को खूब सराहना मिली। ओज और श्रृंगार की कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान ने प्रेम और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित रचना सुनाई। उन्होंने कहा कि जिंदगी में सफल वही व्यक्ति है, जिसके मन में प्रेम का भाव भरा हो। उनकी प्रस्तुति ने कबीर के ढाई आखर प्रेम के संदेश को जीवंत किया। राष्ट्रवाद के सजग प्रहरी धर्मेश चौहान एडवोकेट ने 'देश से कुछ भी बड़ा नहीं इंसान के लिए, तन-मन हमारा अर्पित हिंदुस्तान के लिए' सुनाकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। वहीं प्रभात सिंह चंदेल ने महंगाई और चीन की घुसपैठ जैसे समसामयिक मुद्दों पर व्यंग्यात्मक रचना सुनाकर व्यवस्था को आईना दिखाया।

विज्ञापन

हास्य-व्यंग्य और सामाजिक सरोकारों पर भी हुई काव्य वर्षा-:

कार्यक्रम का संचालन कर रहे अशोक तिवारी ने अपनी शायरी से श्रोताओं को भावुक किया। दिवाकर द्विवेदी मेघ ने सामाजिक विद्रूपताओं पर आधारित रचना सुनाई। गीतकार दिलीप सिंह दीपक ने 'आंधियों का है समय, तूफान थमना शेष है, है घनेरा तम मगर सूरज निकलना शेष है' सुनाकर आम आदमी की पीड़ा और उम्मीदों को स्वर दिया। विवेक चतुर्वेदी ने गजल, कता और नज्म प्रस्तुत की, जबकि मदन चौबे एडवोकेट ने मुक्तछंद के माध्यम से सामाजिक विषयों को उठाया। शिक्षक विनोद कुमार सिंह ने नवगीत के जरिए प्रेम और संवेदनाओं की अभिव्यक्ति की। दयानंद दयालू ने दहेज प्रथा पर व्यंग्य करते हुए सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार किया। सुधाकर स्वदेशप्रेम ने तिरंगे और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी रचना सुनाकर माहौल को भावुक बना दिया। गायक सुशील मिश्रा ने सरदार पटेल को समर्पित गीत 'धनि-धनि पटेल जी भारत के ललनवां, जय-जय हिंदुस्तान गूंजै जगमग गगनवां' सस्वर प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। राकेश शरण मिश्र एडवोकेट ने प्रथम गृह मंत्री सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को समर्पित समसामयिक रचना प्रस्तुत कर उन्हें नमन किया।

राजनीति पर व्यंग्य सुनाकर खूब बटोरी वाहवाही-:

वरिष्ठ हास्य-व्यंग्य कवि अजय चतुर्वेदी कक्का ने राजनीति पर कटाक्ष करते हुए अपनी रचना 'खूब फुटानी छांट रही है, राजनीति हमें बांट रही है' सुनाकर श्रोताओं को खूब हंसाया। प्रेमी बौद्ध ने भी काव्य पाठ किया। अंत में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ईश्वर विरागी ने 'थाम लेंगे वक्त को चलने न देंगे, ऐ हिंद हम तुझको कभी झुकने न देंगे' जैसी ओजपूर्ण पंक्तियां सुनाकर श्रोताओं पर अमिट छाप छोड़ी। कार्यक्रम के अंत में ऋषभ त्रिपाठी ने सभी कवियों, अतिथियों और श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संदीप कुमार शुक्ल, जयशंकर त्रिपाठी, देवानंद पांडेय, गोपाल बंगाली, त्रिपुरारी मिश्रा, प्रदीप कुमार सिंह, ठाकुर कुशवाहा, फारुख अली हाश्मी, गुलाम हुसैन, हर्ष चौहान, राधा प्रसाद चौहान, अजीत शुक्ल सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी एवं अधिवक्ता देर शाम तक मौजूद रहे।


headingicon

सम्बंधित खबर


headingicon

विज्ञापन


headingicon

लोकल न्यूज़

और देखे
headingicon

विज्ञापन

headingicon

विज्ञापन

Design and Developed by SpriteEra IT Solutions Pvt. Ltd.
© Copyright Purvanchal Bhaskar 2025. All rights reserved.