Sonbhadra News: रेणुका नदी में 50 से 60 फीट गहराई तक अवैध खनन का आरोप, मुख्यमंत्री से शिकायत.
ओबरा तहसील क्षेत्र के रेणुका नदी में 50 से 60 फीट गहराई तक लिफ्टर और एक्सकेवेटर से अवैध बालू खनन किए जाने का आरोप लगा है। ग्राम पंचायत कोटा निवासी निर्भय चौधरी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पर्यावरण, जलीय जीवों और पेयजल संकट को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने खनन पट्टे की भौतिक जांच कराने, अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
sonbhadra
5:06 PM, Nov 25, 2026
Share:


रेणुका नदी में कथित अवैध खनन के खिलाफ निर्भय चौधरी ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजा।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: आर. एन. पाण्डेय।
सोनभद्र।
रेणुका नदी में कथित अवैध बालू खनन और भारी मशीनों के इस्तेमाल को लेकर ग्राम पंचायत कोटा निवासी निर्भय चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र भेजकर शिकायत की है। 25 नवंबर 2026 को दिए गए इस शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि ओबरा तहसील क्षेत्र के ग्राम खेवंधा परगना अगोरी स्थित रेणुका नदी में आवंटित बालू (मोरंग) खनन पट्टे की आड़ में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के नियमों की अनदेखी कर बड़े-बड़े लिफ्टर और एक्सकेवेटर का इस्तेमाल किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार नदी के बीचों-बीच बड़े लिफ्टर लगाकर बालू का खनन किया जा रहा है। आरोप है कि लिफ्टर के माध्यम से नदी तल के अंदर 50 से 60 फीट तक गहराई से बालू निकाली जा रही है। इसके बाद बिना ईएमएम-11 के बड़े-बड़े ट्रकों से बालू का परिवहन किए जाने की भी शिकायत की गई है। इससे सरकारी राजस्व को नुकसान होने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि एनजीटी के नियमों को दरकिनार कर 50 से 60 फीट तक गहराई में खनन किए जाने से नदी की प्राकृतिक संरचना और जलीय पारिस्थितिकी प्रभावित हो रही है। नदी में रहने वाले कछुआ, घड़ियाल और मछलियों सहित अन्य जलीय जीवों के मारे जाने की आशंका जताई गई है। उनका कहना है कि इस तरह के खनन से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
कुओं और हैंडपंपों के सूखने का भी आरोप-:
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि अवैध लिफ्टर के इस्तेमाल से नदी का पानी एक जगह इकट्ठा हो जाता है। इससे आसपास के कुओं और हैंडपंपों के सूखने की स्थिति बन रही है और स्थानीय लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नदी तल में अत्यधिक गहराई हो जाने से स्थानीय बच्चों के डूबने का खतरा भी बना रहता है।
विज्ञापन
भौतिक जांच कर कार्रवाई की मांग-:
निर्भय चौधरी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि संबंधित खनन पट्टे की एक जांच समिति गठित कर भौतिक रूप से स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। साथ ही अवैध खनन और परिवहन पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने नियमों के विपरीत नदी तल में एक्सकेवेटर लगाने की अनुमति नहीं देने तथा प्रतिबंधित लिफ्टर के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी सोनभद्र, ज्येष्ठ खान अधिकारी सोनभद्र और निदेशक खान सुरक्षा वाराणसी को भी प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि भेजी है। उन्होंने जनहित, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। खनन स्थल की आधिकारिक जांच रिपोर्ट और संबंधित विभाग का पक्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


