Sonbhadra News: वरासत कराने के नाम पर आदिवासी परिवारों की जमीन धोखे से रजिस्ट्री कराने का आरोप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन.
बभनी ब्लॉक के सड़कटोला में वरासत कराने का झांसा देकर आदिवासी परिवारों की जमीन अपने लोगों के नाम रजिस्ट्री कराने का दो लोगों पर आरोप लगा है। वर्ष 2023 और 2024 में कई परिवारों की जमीन की रजिस्ट्री कराए जाने का दावा है, जिसकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।
sonbhadra
1:46 PM, Nov 24, 2026
Share:


फोटो कैप्शन (16 शब्द): बभनी के सड़कटोला में जमीन धोखाधड़ी के आरोपों पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी से न्याय मांगा।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
विकास खंड बभनी की ग्राम पंचायत बभनी के सड़कटोला में कई आदिवासी परिवारों की जमीन वरासत कराने के नाम पर धोखे से अपने नाम रजिस्ट्री कराने का आरोप दो लोगों पर लगा है। अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के हरदेव और बंश बहादुर ने वरासत कराने का झांसा देकर कई आदिवासी परिवारों को दुद्धी तहसील ले जाकर वर्ष 2023 और 2024 में उनकी जमीन अपने लोगों के नाम रजिस्ट्री करा ली। आरोप के मुताबिक पहलू पुत्र देवनाथ की 13 बिस्वा, राजो पत्नी रामरतन की चार बीघा, रामरती पत्नी रीझन की 12 बिस्वा और उर्मिला पत्नी अजय कुमार की दो बीघा जमीन रजिस्ट्री कराई गई। वहीं लालती पत्नी रामदुलारे की जमीन भी अलग तरीके से अपने नाम कराने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीनों पर अब तक कब्जा नहीं हो पाया था। कुछ दिन पहले जब जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया, तब उन्हें रजिस्ट्री की जानकारी हुई। ग्रामीणों के अनुसार सभी जमीनें सड़क किनारे स्थित हैं, जिनकी कीमत करोड़ों रुपये में है। पीड़ितों ने बताया कि मामले की शिकायत तहसील समाधान दिवस में भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे परेशान ग्रामीणों ने रामनारायण और रमेश कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी से मामले की जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पहलू, राजो, रामरती, ललीता देवी, उर्मिला, मोहन सिंह, टहलू गोंड़, अक्षय कुमार, रामलखन, उमेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस संबंध में हरदेव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सभी लोगों ने अपनी स्वेच्छा से जमीन दी है और उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। वहीं बंश बहादुर का मोबाइल फोन स्विच ऑफ होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका।


