Sonbhadra News: आसनडीह में स्वागत द्वार निर्माण में अनियमितता के आरोप, घटिया ईंट और सिल्टयुक्त बालू के इस्तेमाल का दावा.
आसनडीह में लोक निर्माण विभाग के स्वागत द्वार निर्माण में घटिया ईंट और सिल्टयुक्त बालू के इस्तेमाल का ग्रामीणों ने आरोप लगाया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रोककर सामग्री की तकनीकी जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एसके सिंह ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
sonbhadra
1:41 PM, Sep 29, 2026
Share:


आसनडीह में निर्माणाधीन स्वागत द्वार—निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही ईंटों और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाली सोनभद्र की सीमा आसनडीह में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे स्वागत द्वार निर्माण में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और अनियमितता का मामला सामने आया है। सरकारी धन का दुरुपयोग करते हुए निर्माण कार्य में मानकों को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया है।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, स्वागत द्वार के निर्माण में दो नंबर (घटिया श्रेणी) की ईंटों का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा है। इतना ही नहीं, निर्माण की मजबूती को ताक पर रखकर ठेकेदार द्वारा वैध और उच्च गुणवत्ता वाले बालू के बजाय स्थानीय नदी-नालों से अवैध रूप से निकाली गई सिल्ट युक्त बालू का प्रयोग किया जा रहा है। घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल से भविष्य में इस स्वागत द्वार की मजबूती पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो गया है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यह स्वागत द्वार जिले और राज्य की छवि का प्रतीक है, लेकिन लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर आंखें मूंदे बैठे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई सख्त कदम नहीं उठाया जा रहा है, जिससे ठेकेदार के हौसले बुलंद हैं।ग्रामीण चंद्रमणि, नौशाद, पवन कुमार, राजेश कुमार, बिजेन्द्र सहित भाकपा के जिला सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा ने जिलाधिकारी से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य को तुरंत रोककर सामग्री की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदार व संबंधित इंजीनियरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एस के सिंह से बात की गयी तो उन्होंने कहा कि जांच कर कार्यवाही की जायेगी।


