Sonbhadra News: हीरो फाइनेंस के नाम पर 9 लाख से अधिक की कथित हेराफेरी, एक आरोपी गिरफ्तार.
बभनी में हीरो बाइक फाइनेंस से जुड़े मामले में ग्राहकों से वसूली गई करीब 8 से 9 लाख रुपये से अधिक की रकम लोन खातों में जमा न करने का आरोप लगा है। एजेंसी संचालक संजय जायसवाल ने कंपनी के कर्मचारी और उसके परिवार पर रकम हड़पने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दस्तावेजों व बैंक खातों की जांच की जा रही है।
sonbhadra
7:51 PM, Aug 19, 2026
Share:


पुलिस टीम के साथ गिरफ्तार आरोपी, बभनी पुलिस की कार्रवाई में आरोपी को हिरासत में लिया गया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी थाना क्षेत्र में हीरो बाइक की बिक्री और फाइनेंस से जुड़े मामले में हीरो फिनकॉर्प के कर्मचारी व उसके परिवार पर ग्राहकों से वसूली गई रकम को उनके लोन खातों में जमा न करने और करीब आठ से नौ लाख रुपये से अधिक की धनराशि हड़पने का आरोप लगाया गया है। मामले में बभनी स्थित बाइक एजेंसी के संचालक संजय जायसवाल ने थाना बभनी में तहरीर देकर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के अनुसार संजय जायसवाल बभनी में हीरो बाइक की सब डीलरशिप का संचालन करते हैं। उनकी एजेंसी का हीरो फिनकॉर्प कंपनी से फाइनेंस पर बाइक बिक्री के लिए समझौता है। आरोप है कि कंपनी का कर्मचारी नईम पुत्र अमीन निवासी रेणुकूट, एजेंसी पर बैठकर ग्राहकों से लोन की किस्त और अन्य कलेक्शन की रकम लेने का काम करता था। उसके साथ कंपनी के कलेक्शन मैनेजर बताए गए उदय सिंह के भी शामिल होने का आरोप लगाया गया है। संजय जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि दोनों ने कथित तौर पर मिलकर ग्राहकों से छल-कपट कर करीब आठ से नौ लाख रुपये से अधिक की रकम वसूल की। आरोप है कि ग्राहकों से ली गई कुछ रकम नईम ने अपने पत्नी जरील तथा अपने भाई मोईन के बैंक खातों में मंगाई और उसे संबंधित ग्राहकों के लोन खातों में कंपनी के पास जमा नहीं कराया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ ग्राहकों से नकद रुपये लिए गए और उन्हें हाथ से लिखी रसीद दी गई, लेकिन यह रकम भी उनके लोन खातों में जमा नहीं की गई। एजेंसी संचालक का कहना है कि इस तरह कई ग्राहकों की रकम कथित तौर पर गायब कर दी गई, जिसके संबंध में उनके पास साक्ष्य भी मौजूद हैं। रकम जमा नहीं होने के बाद संबंधित ग्राहक लोन बकाया को लेकर एजेंसी पर पहुंचकर परेशानी जता रहे हैं। एजेंसी संचालक ने तहरीर में पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने, ग्राहकों से वसूली गई रकम का हिसाब-किताब और बैंक खातों की जांच कराने तथा आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। तहरीर में लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस द्वारा संबंधित दस्तावेजों, ग्राहकों से ली गई रकम, बैंक खातों और लोन खातों की जांच की जा सकती है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धारा में चालान कर दिया गया है।
