Sonbhadra News: दर्दनाक हादसे से दहला क्षेत्र: हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत, ट्रेलर चालक फरार.
वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर बट कुआं के समीप ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। बट गांव निवासी विजय पटेल और राजेश उर्फ लोदी बाइक से लोहरा जा रहे थे, तभी ओवरटेक करते समय हादसा हो गया। एक की सीएचसी पहुंचने से पहले मौत हो गई, जबकि दूसरे ने ट्रामा सेंटर वाराणसी में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
sonbhadra
11:28 AM, Sep 18, 2026
Share:


सोनभद्र में हाईवे पर बाइक और ट्रेलर की टक्कर का सांकेतिक चित्र।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली अन्तर्गत आने वाले सुकृत चौकी क्षेत्र के बट कुआं के समीप वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर गुरुवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय बट गांव निवासी विजय पटेल पुत्र राममूरत अपनी बाइक से 35 वर्षीय राजेश उर्फ लोदी पुत्र स्वर्गीय राजबली को पीछे बैठाकर बट से लोहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बट कुआं के समीप सामने से आ रहे ट्रेलर ने ओवरटेक करते समय बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल सुकृत पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर पहुंचाया। सीएचसी मधुपुर पहुंचने पर राजेश उर्फ लोदी की मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल विजय पटेल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान विजय पटेल की भी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वही मृतक राजेश के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में जुटी है। घटना से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।



