Sonbhadra News: राख परिवहन ठप: ट्रक मालिकों का अनिश्चितकालीन धरना, रेट बढ़ाने को लेकर ठेकेदारों के खिलाफ खोला मोर्चा.
एनटीपीसी रिहंद परियोजना के राख निस्तारण कार्य में लगे स्थानीय ट्रांसपोर्टरों एवं ट्रक मालिकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सिरसोती स्थित कांटा मशीन के पास अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। धरने के कारण राख परिवहन का कार्य पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे परिवहन में लगी सैकड़ों गाड़ियां सड़क के दोनों ओर खड़ी हो गई हैं और क्षेत्र में जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
sonbhadra
8:19 PM, Jun 3, 2026
Share:


राख परिवहन की दर बढ़ाने की मांग को लेकर सिरसोती में धरने पर बैठे ट्रक मालिक और ट्रांसपोर्टर, परिवहन कार्य रहा ठप।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
एनटीपीसी रिहंद परियोजना के राख निस्तारण कार्य में लगे स्थानीय ट्रांसपोर्टरों एवं ट्रक मालिकों ने मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सिरसोती स्थित कांटा मशीन के पास अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने के चलते राख परिवहन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे परिवहन कार्य में लगी सैकड़ों गाड़ियां सड़क किनारे दोनों ओर खड़ी हो गईं और लंबा जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। धरनारत ट्रक मालिकों का आरोप है कि एनटीपीसी से ठेकेदारों द्वारा ऊंची दरों पर कार्य लिया गया है, लेकिन वास्तविक परिवहन करने वाले स्थानीय वाहन मालिकों को बेहद कम भुगतान किया जा रहा है। उनका कहना है कि मौजूदा दरों में डीजल, मेंटेनेंस, बैंक किश्त, बीमा और ड्राइवरों के वेतन का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है। ट्रांसपोर्टरों ने बताया कि 16 चक्का वाहनों की पासिंग क्षमता 31 टन है और निर्धारित वजन के अनुसार परिवहन करने पर उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि वर्तमान दरों पर काम करना घाटे का सौदा बन गया है, जिसके चलते वे लंबे समय से किराया दरों में वृद्धि की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन
ट्रक यूनियन अध्यक्ष मनोज वैश्य ने कहा कि डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन ठेकेदारों द्वारा परिवहन दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। उन्होंने बताया कि कई वाहन मालिकों की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि पिछले तीन महीनों से ड्राइवरों का वेतन तक नहीं दिया जा सका है। बैंक की किश्तें, वाहन रखरखाव और अन्य खर्चों का बोझ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक राख परिवहन में लगी सभी गाड़ियां बंद रहेंगी और धरना जारी रहेगा। धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व जिला पंचायत सदस्य केदार यादव ने ट्रक मालिकों की मांगों को जायज बताते हुए उन्हें अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि ठेकेदार और प्रबंधन को ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राख परिवहन के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रदूषण और अन्य समस्याएं बढ़ रही हैं, जिस पर भी एनटीपीसी प्रबंधन को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। इस दौरान विजय यादव, प्रेमधारी, मोशिम खान, पुष्पराज यादव, राजेश यादव, कमलेश केशरी, बबलू, बृजेन्द्र कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में ट्रक एसोसिएशन के पदाधिकारी और वाहन मालिक मौजूद रहे।
