Sonbhadra News: एएसपी ऑपरेशन ने चुर्क पुलिस लाइन में ली मंगलवार परेड की सलामी, पुलिसकर्मियों को कराया ड्रिल और दौड़ का अभ्यास.
एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने टोलीवार ड्रिल एवं दौड़ कराकर पुलिसकर्मियों को अनुशासन और फिटनेस का संदेश दिया। यूपी-112 सहित विभिन्न थानों के वाहनों, वायरलेस सेट और सुरक्षा उपकरणों की सघन जांच की गई। परिवहन शाखा, क्वार्टर गार्द, मेस, स्टोर और बैरक का निरीक्षण कर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
sonbhadra
9:51 AM, Nov 10, 2026
Share:


चुर्क पुलिस लाइन में एएसपी ऋषभ रुणवाल ने परेड की सलामी लेकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक परेड में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने परेड की सलामी ली और पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता एवं अनुशासन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण करते हुए पुलिस बल को शारीरिक रूप से फिट, अनुशासित और कर्तव्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। परेड के दौरान पुलिसकर्मियों में एकरूपता, अनुशासन और टीम भावना मजबूत करने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल एवं दौड़ कराई गई। साथ ही शस्त्रों के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण एवं अभ्यास भी कराया गया। एएसपी ऑपरेशन ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस बल की कार्यकुशलता बनाए रखने के लिए नियमित शारीरिक अभ्यास और अनुशासन बेहद जरूरी है। सभी पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें तथा जनसेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमेशा तत्पर रहें। परेड के उपरांत उन्होंने यूपी-112 सहित जनपद के विभिन्न थानों से आए पुलिस वाहनों की सघन चेकिंग की। इस दौरान वाहनों की तकनीकी स्थिति, साफ-सफाई और रखरखाव की जांच की गई। साथ ही वायरलेस सेट, दंगा नियंत्रण उपकरण, प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। उन्होंने वाहन चालकों एवं संबंधित पुलिसकर्मियों को सभी संसाधनों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर सके। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ने परिवहन शाखा, क्वार्टर गार्द, स्टोर, मेस, गैस गोदाम, बैरक एवं पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इस निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखना रहा।


