Sonbhadra News: सीएमबी चिट फंड कंपनी के संचालक की 1.42 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क.
निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप में जेल में बंद सीएमबी चिट फंड कंपनी के संचालक भागीरथी मौर्या की 1.42 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चल एवं अचल संपत्ति न्यायालय के आदेश पर कुर्क कर ली गई। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मुर्धवा स्थित मकान, भूमि तथा एक किया सोनेट कार को जब्त किया। पुलिस ने कहा कि आर्थिक अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
sonbhadra
7:36 PM, Jul 21, 2026
Share:


संयुक्त टीम ने सीएमबी चिट फंड कंपनी के संचालक की करोड़ों रुपये की संपत्ति कुर्क कर मकान को सील किया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
आम लोगों से निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये जमा कराकर भुगतान न करने के मामले में जेल में बंद सीएमबी चिट फंड कंपनी के संचालक के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने आरोपी की अपराध से अर्जित लगभग 1 करोड़ 42 लाख रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्ति को कुर्क एवं जब्त कर लिया। कार्रवाई से निवेशकों में उम्मीद जगी है कि आर्थिक अपराधियों के विरुद्ध प्रशासन का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस के अनुसार थाना अनपरा में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 149/2025 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत भागीरथी मौर्या पुत्र रमापति मौर्या, निवासी मुंहकुचवां राजपुर, थाना कोतवाली देहात, जनपद मिर्जापुर तथा वर्तमान पता पद्ममिनी होटल के पास, मुर्धवा, रेणुकूट के विरुद्ध कार्रवाई की गई। आरोपी पर सीएमबी नाम से चिट फंड कंपनी संचालित कर लोगों से निवेश के नाम पर धनराशि जमा कराने और समय आने पर भुगतान न करने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। वर्तमान में वह न्यायिक अभिरक्षा में जेल में निरुद्ध है। मामले की सुनवाई के दौरान अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन), सोनभद्र ने 15 जुलाई 2026 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 107 के तहत आरोपी की अपराध से अर्जित संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश पारित किया था। इसी आदेश के अनुपालन में उपजिलाधिकारी दुद्धी रवि पासवान एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने मुर्धवा स्थित आराजी संख्या 557ग, रकबा 0.0195 हेक्टेयर भूमि (अनुमानित मूल्य 17.55 लाख रुपये) तथा उस पर निर्मित मकान (अनुमानित मूल्य 1.09 करोड़ रुपये) को कुर्क कर लिया। इसके अलावा मौजा कटौधी स्थित आराजी संख्या 97क, रकबा 0.273 हेक्टेयर भूमि, जिसकी अनुमानित कीमत 4.10 लाख रुपये है, को भी जब्त किया गया। अचल संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 1.31 करोड़ रुपये आंका गया है। साथ ही आरोपी की लगभग 11 लाख रुपये कीमत की किया सोनेट कार भी न्यायालय के आदेश के तहत जब्त कर ली गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आम लोगों की गाढ़ी कमाई हड़पने वाले आर्थिक अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर विधिक प्रक्रिया के तहत कुर्क किया जाएगा, ताकि निवेशकों के हितों की रक्षा हो सके और इस प्रकार के आर्थिक अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
