Sonbhadra News: सीएचसी में घुसकर हमला, अधीक्षक घायल; सरकारी रिकॉर्ड रजिस्टर फाड़ा.
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दो पक्षों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अस्पताल में घुसकर दबंगों ने इलाजरत घायल पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अखिलेश भी घायल हो गए। हमलावरों ने सरकारी रिकॉर्ड रजिस्टर भी फाड़ दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, कई लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
sonbhadra
3:42 PM, Jul 17, 2026
Share:


मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट और हंगामे का दृश्य, बीच-बचाव करते लोग।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, सोनभद्र।
सोनभद्र।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के भटौलिया गांव में खेत की मेड़ बांधने के लिए मिट्टी उठाने को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मधुपुर लाया गया। लेकिन मामला यहीं नहीं थमा। इलाज के दौरान अस्पताल परिसर में ही दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अखिलेश भी घायल हो गए। इस दौरान अस्पताल का सरकारी रिकॉर्ड रजिस्टर भी फाड़ दिया गया। जानकारी के अनुसार, घायलों के अस्पताल पहुंचने के बाद सूचना पर पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इसके कुछ देर बाद एक पक्ष के कई लोग अस्पताल पहुंच गए और इलाज करा रहे दूसरे पक्ष के घायल राजेश पर हमला बोल दिया।
विज्ञापन
घटना देख प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अखिलेश और अन्य स्वास्थ्यकर्मी बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। इस दौरान डॉ. अखिलेश को गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने अस्पताल के सरकारी रिकॉर्ड रजिस्टर भी फाड़ दिए, जिससे सरकारी अभिलेखों को नुकसान पहुंचा। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल के एक कर्मचारी ने मुख्य गेट बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, कुछ लोगों को हिरासत में लिया तथा शेष घायलों को जिला अस्पताल भेजा। घटना के कारण अस्पताल की ओपीडी सेवा भी काफी देर तक बाधित रही। बाद में पुलिस द्वारा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर स्वास्थ्य सेवाएं दोबारा शुरू हुईं।
थानाध्यक्ष रामस्वरूप वर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने फाड़े गए रजिस्टर का निरीक्षण किया और अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मारपीट में पहले पक्ष के राजेश (34) पुत्र कन्हैया तथा कन्हैया (65), जबकि दूसरे पक्ष के कृष्णवती, विकास (26), सुनीता देवी (45) और आकाश (17) घायल हुए हैं



