Sonbhadra News: पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश!, एक गिरफ्तार.
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिना नंबर प्लेट की कार ने पुलिस के रुकने के इशारे को नजरअंदाज कर तेज रफ्तार में गाड़ी बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया और अमन पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि अनमोल शुक्ला फरार है। कार की नंबर प्लेट डिकी में मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है।
sonbhadra
12:46 PM, Apr 6, 2026
Share:


गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन पांडेय निवासी विकासनगर (रॉबर्ट्सगंज) के रूप में हुई है, जिसका मूल पता थाना करमा क्षेत्र के ओइनी चौबे गांव का बताया गया है। पूछताछ में आरोपी ने घटना के लिए सिविल लाइन रोड निवासी अनमोल शुक्ला का नाम लिया है, जो मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे बढ़ौली चौराहे पर वाहन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान उरमौरा की ओर से बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध कार आती दिखी। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। आरोप है कि कार में बैठे एक युवक ने चालक को पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने के लिए उकसाया। सतर्कता दिखाते हुए पुलिसकर्मी समय रहते हट गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया और पूरब मोहाल स्थित दलित बस्ती के पास घेराबंदी कर कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार की आगे और पीछे की नंबर प्लेट डिकी में बरामद हुई, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। पुलिस ने आरोपी अमन पांडेय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं फरार आरोपी अनमोल शुक्ला की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
