Sonbhadra News: बैंक से रुपये निकालकर घर जा रही महिला से लूट का प्रयास, तीन गिरफ्तार.
घोरावल में बैंक से 30 हजार रुपये निकालकर घर जा रही महिला से लूट का प्रयास करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तीनों को मोटरसाइकिल सहित पकड़ा, पुलिस ने 30 हजार रुपये और बैंक पासबुक बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों में दो हिस्ट्रीशीटर शामिल, पुलिस ने तीनों को न्यायालय भेजा।
sonbhadra
8:04 PM, Nov 4, 2026
Share:


घोरावल में महिला से लूट के प्रयास के तीनों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पकड़ा; बरामद हुए 30 हजार रुपये।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
घोरावल थाना क्षेत्र में बैंक से रुपये निकालकर घर जा रही महिला से झोला छीनकर भागने का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों की सतर्कता से तीनों आरोपी मौके पर ही पकड़ लिए गए। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट के प्रयास में छीने गए 30 हजार रुपये नकद, इंडियन बैंक की पासबुक और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में दो हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, घटना 3 नवंबर की है। औराही गांव स्थित इंडियन बैंक से एक महिला अपने आवास निर्माण के लिए 30 हजार रुपये निकालकर अपनी सास, ससुर और गांव की अन्य महिलाओं के साथ पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान पटका गांव मोड़ से करीब 20-25 मीटर आगे पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पहुंचे और महिला का रुपये से भरा झोला छीनकर भागने का प्रयास करने लगे। महिला और उसके साथ मौजूद परिजनों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तीनों युवकों को मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही घोरावल पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। उनके पास से 30 हजार रुपये, बैंक पासबुक और घटना में इस्तेमाल हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्हैया लाल विश्वकर्मा निवासी अठौना, सुनील विश्वकर्मा उर्फ पिंटू निवासी सदारी और रामसुंदर पाण्डेय उर्फ रामू पाण्डेय निवासी अठौना, थाना शाहगंज के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक सुनील और रामसुंदर हिस्ट्रीशीटर हैं तथा दोनों के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में थाना घोरावल पर मुकदमा अपराध संख्या 274/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(4) और 317(2) में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शेष नारायण पाण्डेय, हेड कांस्टेबल इम्तियाज और कांस्टेबल गंगाचरन शामिल रहे।


