Sonbhadra News: दुर्गा पूजा पंडालों में दिखेगा आकर्षक स्वरूप, मिताली क्लब में श्रीराम मंदिर की झलक.
रेणुकूट में दुर्गा पूजा की तैयारियां तेज, मिताली क्लब में इस बार अयोध्या के श्रीराम मंदिर की झलक दिखेगी। कोलकाता से आए कारीगर भव्य पंडाल को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, बंगाली रीति-रिवाज से होगी पूजा। सब्जी मंडी में जगन्नाथ पुरी मंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार हो रहा है, नवरात्र में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़।
sonbhadra
8:17 PM, Oct 7, 2026
Share:


रेणुकूट में दुर्गा पूजा के लिए भव्य पंडाल का निर्माण जारी, कारीगर आकर्षक सजावट को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
रेणुकूट नगर में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। हिंडाल्को आवासीय परिसर स्थित मिताली क्लब में इस वर्ष अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। कोलकाता से आए करीब एक दर्जन कारीगर पिछले एक पखवाड़े से दिन-रात मेहनत कर पंडाल को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।मिताली क्लब के कोऑर्डिनेटर उत्तम मन्ना ने बताया कि हिंडाल्को के स्थापना वर्ष 1962 से ही यहां दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है। हर वर्ष पूजा देखने के लिए नगर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। क्लब के अध्यक्ष तपस चौधरी ने बताया कि दुर्गा प्रतिमा का निर्माण भी कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा किया जाता है। पूजा बंगाली रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराई जाती है। अष्टमी, नवमी और दशमी के अवसर पर पंडाल परिसर के आसपास भव्य मेले का आयोजन भी किया जाता है, जहां नगरवासी विभिन्न प्रकार की दुकानें लगाते हैं। वहीं नगर की सब्जी मंडी में भी दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यहां इस वर्ष जगन्नाथ पुरी, ओडिशा के मंदिर की तर्ज पर पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल निर्माण और सजावट का काम तेजी से चल रहा है। जय मां शेरावाली क्लब के अध्यक्ष संजय कुशवाहा के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। दोनों पूजा पंडालों के आकर्षक स्वरूप को लेकर नगरवासियों में भी उत्सुकता बनी हुई है।


