Sonbhadra News: रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाई समेत 7 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए.
रक्षाबंधन पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुद्धी और ओबरा बाजार में मिठाई व खाद्य पदार्थों के सात नमूने लिए। दुद्धी में छेना रसगुल्ला, मिल्क केक, कलाकंद और बूंदी लड्डू, जबकि ओबरा में हल्दी व लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेजा जा रहा है, रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
sonbhadra
5:26 PM, Aug 27, 2026
Share:


खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानों पर पहुंचकर मिठाई और खाद्य पदार्थों के नमूने लेते हुए जांच की कार्रवाई की।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के निर्देश पर आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान 21 अगस्त 2026 से 27 अगस्त 2026 तक चला, जिसका उद्देश्य आम जनता को खोवा, पनीर, दूध, दुग्ध उत्पाद से बनी मिठाइयों, बूंदी के लड्डू और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा मिलावट पर प्रभावी रोक लगाना था। अभियान के अंतिम दिन, 27 अगस्त 2026 को, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने दुद्धी बाजार और ओबरा बाजार में कार्यवाही की। दुद्धी बाजार में उमंग स्वीट्स से छेना रसगुल्ला, भागश्री से मिल्क केक (दो नमूने), अलबेला स्वीट्स से कलाकंद और सोनल की दुकान से बूंदी का लड्डू का एक-एक नमूना लिया गया। ओबरा बाजार में महक इंटरप्राइजेज से हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर के भी एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। इस प्रकार कुल 7 नमूने एकत्र किए गए। संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेजा जा रहा है। खाद्य विश्लेषक की रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आवश्यक अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। टीम ने इस दौरान आम जनमानस को मिलावटी खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक भी किया। इस टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार यादव, बालेन्दु शेखर मंगलमूर्ति और कीर्ति आनंद शामिल थे। रक्षाबंधन के दृष्टिगत गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु यह कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी।



