Sonbhadra News: ऑपरेशन 'दहन' में सोनभद्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15.24 करोड़ के मादक पदार्थ किए नष्ट.
सोनभद्र पुलिस ने 'ऑपरेशन दहन' के तहत 145 एनडीपीएस मामलों में जब्त 1,897.811 किलोग्राम गांजा और हेरोइन का विनिष्टीकरण कराया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 15.24 करोड़ रुपये बताई गई।
sonbhadra
4:00 PM, Jul 4, 2026
Share:


ऑपरेशन 'दहन' के तहत 15.24 करोड़ रुपये के मादक पदार्थों का पुलिस की निगरानी में विनिष्टीकरण।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: आर. एन. पाण्डेय, डाला।
सोनभद्र।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर संचालित विशेष अभियान 'ऑपरेशन दहन' के तहत सोनभद्र पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 145 एनडीपीएस मामलों में जब्त मादक पदार्थों का सुरक्षित एवं विधिसम्मत विनिष्टीकरण कराया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (DDC) की निगरानी में संपन्न हुई। सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं न्यायालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में जब्त मादक पदार्थों को अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, डाला सीमेंट वर्क्स के माध्यम से निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार, कुल 145 अभियोगों से संबंधित मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण किया गया।
इनमें राबर्ट्सगंज थाना के 129, कोन थाना के 2 तथा दुद्धी थाना के 14 मामले शामिल हैं। विनिष्टीकरण के दौरान 1,894.924 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 47 लाख 46 हजार 200 रुपये तथा 2.887 किलोग्राम हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ 77 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई, को पूरी तरह नष्ट किया गया। इस प्रकार कुल 1,897.811 किलोग्राम मादक पदार्थ, जिसकी अनुमानित कीमत 15 करोड़ 24 लाख 86 हजार 200 रुपये है, का सफलतापूर्वक विनिष्टीकरण किया गया। पुलिस ने बताया कि यह मादक पदार्थ जनपद के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में लंबे समय से सुरक्षित रखे गए थे। इन्हें नियमानुसार नष्ट करने की कार्रवाई डीजीपी उत्तर प्रदेश द्वारा 1 मार्च से 30 जून 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान 'ऑपरेशन दहन' के तहत की गई।
इस दौरान जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, सदस्य अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा, प्रभारी नारकोटिक्स सेल उपनिरीक्षक रामनगीना प्रधान एवं आरक्षी अभिलाष सिंह उपस्थित रहे। सोनभद्र पुलिस ने कहा कि जनपद को नशा मुक्त बनाने तथा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसी कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



