Sonbhadra News: ऑपरेशन शुद्धि का बड़ा वार: 220 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, गुप्त केबिन में छिपी थी 1.10 करोड़ की खेप.
रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी ने 220 किलो अवैध गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। EICHER वाहन में बने गुप्त केबिन से गांजे की खेप बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1.10 करोड़ रुपये है। पुलिस ने वाहन, दो मोबाइल फोन और 4,000 रुपये नकद समेत करीब 1.20 करोड़ रुपये की बरामदगी की है।
sonbhadra
2:38 PM, Sep 14, 2026
Share:


EICHER वाहन से बरामद गांजे की खेप और गिरफ्तार दोनों आरोपियों के साथ पुलिस टीम।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सोनभद्र पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने उनके कब्जे से 220 किलोग्राम अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त EICHER PRO 1075 वाहन, दो मोबाइल फोन और 4,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये, जबकि कुल बरामदगी की कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन शुद्धि चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस लगातार संदिग्ध वाहनों और तस्करी से जुड़े लोगों पर नजर रखते हुए कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी की सूचना मिली। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने होटल डीआर ग्रीन, सनबीम स्कूल मोड़ तिराहा और ग्राम नगुआर क्षेत्र के आसपास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुल के पास एक छह पहिया EICHER वाहन संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वाहन में बैठे दोनों व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिरस पुत्र होरम, निवासी ग्राम अरहई, थाना औसियां, जनपद बदायूं, उम्र करीब 45 वर्ष और गोविंद पुत्र सुरेंद्र, निवासी ग्राम मियारी, थाना औसियां, जनपद बदायूं, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को मालवाहक हिस्से के अग्रिम भाग में लोहे की चादरों से वेल्डिंग कर बनाया गया विशेष गुप्त केबिन मिला। केबिन को सात हिस्सों में बांटकर उसमें गांजा छिपाया गया था। तलाशी में कुल 220 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने गांजे की खेप ओडिशा से दिल्ली ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



