Sonbhadra News: पुलिस मुठभेड़ और मादक पदार्थ बरामदगी प्रकरण में चोपन पुलिस को बड़ी सफलता, फरार समेत तीन वांछित गिरफ्तार.
चोपन पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट से जुड़े एक बड़े मामले में फरार आरोपी समेत तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 1 जून को हुई मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी फरार हो गया था, जिसे 3 जून को मारकुंडी बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने झारखंड से डोडा और अफीम खरीदकर पंजाब में सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।
sonbhadra
6:09 PM, Jun 4, 2026
Share:


मादक पदार्थ तस्करी मामले का खुलासा करते अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, साथ में गिरफ्तार तीन आरोपी और पुलिस टीम।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस मुठभेड़ एवं मादक पदार्थ बरामदगी के मामले में फरार चल रहे एक अभियुक्त समेत तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना चोपन पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। मामला थाना चोपन में दर्ज मुकदमा संख्या 212/2026 से संबंधित है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट, बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को थाना चोपन, थाना रॉबर्ट्सगंज और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थ तस्करों के साथ मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान प्रिंस सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि उसका साथी रोहित सिंह अंधेरे और पहाड़ी क्षेत्र का लाभ उठाकर फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। 3 जून को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने मारकुंडी बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर फरार अभियुक्त रोहित सिंह पुत्र गजै सिंह निवासी लुधियाना, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर इस मामले में संलिप्त पिंटू यादव निवासी पलामू, झारखंड तथा सतपाल सिंह खरवार को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में रोहित सिंह ने बताया कि वह अपने साथी प्रिंस सिंह के साथ झारखंड के डाल्टेनगंज क्षेत्र से डोडा और अफीम लेकर पंजाब ले जा रहा था। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर दोनों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग भी की थी। उसने बताया कि पिंटू यादव और सतपाल सिंह खरवार ही उन्हें मादक पदार्थ उपलब्ध कराते थे। वहीं पिंटू यादव और सतपाल सिंह खरवार ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे किसानों से डोडा और अफीम खरीदकर उसका संग्रह करते थे तथा विभिन्न राज्यों में सप्लाई कर आर्थिक लाभ अर्जित करते थे। सतपाल ने यह भी स्वीकार किया कि वह स्वयं अवैध रूप से डोडा और अफीम की खेती कराता था तथा किसानों से खरीदकर तस्करों को बेचता था। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि 1 जून को हुई कार्रवाई में पुलिस ने 1 कुंतल 15 किलोग्राम डोडा और 3 किलोग्राम अफीम बरामद की थी। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ जल्द ही गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी तथा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को भी चिन्हित कर जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।



