Sonbhadra News: बीजपुर के दुर्गा पूजा में पहुंचे ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड, बच्चों की शिक्षा पर दिया जोर.
बीजपुर बाजार में दुर्गा पूजा महोत्सव एवं रासलीला समारोह में म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड ने शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और आरती की। उन्होंने करीब तीन दशक पुरानी दुर्गा पूजा परंपरा की सराहना करते हुए सामाजिक एकता, संस्कार और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। ब्लॉक प्रमुख ने पूजा पंडाल के पास हाईमास्ट लाइट लगवाने और स्थायी पूजा मंच बनवाने का आश्वासन भी दिया।
sonbhadra
6:10 PM, Oct 14, 2026
Share:


बीजपुर में दुर्गा पूजा समारोह में ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड ने पूजा-अर्चना कर समिति पदाधिकारियों से मुलाकात की।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार की रात बीजपुर बाजार में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव एवं रासलीला समारोह में म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड ने अपने सहयोगियों के साथ शिरकत किया। उनके आगमन पर पूजा पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत किया गया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख ने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती उतारी और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड के साथ सह अतिथि ग्राम प्रधान रजमिलान बद्रीनाथ, उपेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. रामावतार एवं सुधीर का दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों ने बैज लगाकर तथा अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
वर्षों की परंपरा को बनाए रखना सराहनीय-:
अपने संबोधन में ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड ने बीजपुर बाजार में लगभग तीन दशकों से चली आ रही दुर्गा पूजा की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ ही समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में आमंत्रित करने और अपनी सहभागिता का अवसर देने के लिए समिति के प्रति आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाना प्रत्येक अभिभावक की प्राथमिकता होनी चाहिए, क्योंकि शिक्षित बच्चे ही परिवार, समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।
विज्ञापन
हाईमास्ट लाइट और पूजा मंच बनवाने का आश्वासन-:
बीजपुर बाजार में आयोजित दुर्गा पूजा समारोह के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने पंडाल के समीप जल्द ही हाईमास्ट लाइट लगवाने तथा एक स्थायी पूजा मंच बनवाने का आश्वासन दिया। उनके इस आश्वासन से आयोजन समिति के सदस्यों में उम्मीद जगी। समिति के पदाधिकारियों ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता करने और क्षेत्र की आवश्यकताओं के प्रति सकारात्मक रुख अपनाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
गोकुलधाम शांतिनगर में भी पहुंचे ब्लॉक प्रमुख-:
बीजपुर बाजार के कार्यक्रम के बाद ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड ने गोकुलधाम, शांतिनगर-2 में आयोजित दुर्गा पूजा समारोह में भी सहभागिता की। यहां उन्होंने पूजा समिति के अध्यक्ष बब्बन ठाकुर सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को धार्मिक आयोजन के लिए बधाई दी और उनके प्रयासों की सराहना किया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक धनंजय शर्मा ने किया। इस अवसर पर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष बृज किशोर गुप्ता, प्रेमचंद गुप्ता, सीताराम शर्मा, लल्लन सिंह, मुन्ना प्रसाद, आशुतोष गुप्ता, शुभम गुप्ता सहित समिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।


