Sonbhadra News: दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, जमकर चले लाठी-डंडे, कई घायल.
कुचमरवा (भैरोपुर) गांव में बृहस्पतिवार सुबह हुई मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस को दोनों तरफ से तहरीर मिली है, मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई जारी है।
sonbhadra
5:22 PM, Nov 19, 2026
Share:


करमा क्षेत्र के कुचमरवा गांव में जमीन विवाद के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, जुटी स्थानीय ग्रामीणों की भीड़।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
करमा थाना क्षेत्र के कुचमरवा (भैरोपुर) गांव में बृहस्पतिवार सुबह करीब 50 बीघा ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। धान की फसल काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर डायल 112 और करमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जबकि दोनों पक्षों के लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। जानकारी के अनुसार, गांव में करीब 50 बीघा ग्राम समाज की जमीन को लेकर कई वर्षों से विवाद चला आ रहा है। इस जमीन पर राम प्रकाश मिश्र, बलिराम दत्त मिश्र, राम प्रताप मिश्र, रामचंद्र, राम मनोहर और राम सूरत समेत अन्य लोगों द्वारा खेती किए जाने की बात सामने आई है। जमीन से संबंधित मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में विचाराधीन बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह धान की फसल काटने को लेकर राम प्रकाश मिश्र पक्ष और अनुसूचित जाति के लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से मारपीट होने लगी। एक पक्ष का कहना है कि वह करीब 50 वर्षों से जमीन पर काबिज है और लगातार खेती करता आ रहा है। वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि ग्राम समाज की भूमि पर जबरन कब्जा किया गया है। उनका कहना है कि करीब दो वर्ष पहले हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद खेती बंद कर दी गई थी और जमीन परती पड़ी थी। इस वर्ष दोबारा धान की रोपाई कर विवाद खड़ा किया गया। फसल काटने के प्रयास का विरोध करने पर मारपीट हुई। इस संबंध में करमा थानाध्यक्ष कमलेश पाल ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मामला राजस्व विभाग से संबंधित होने के कारण अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है।


