Sonbhadra News: 400 रुपये के लेन-देन में खूनी संघर्ष, धारदार हथियार से हमला, पांच घायल.
म्योरपुर थाना क्षेत्र के सुपाचुंआ गांव में गुरुवार रात 400 रुपये के बकाये को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। जानकारी के अनुसार परनी गांव में आयोजित छठी कार्यक्रम के लिए सुपाचुंआ गांव से 500 रुपये में बैंड-बाजा बुक किया गया था। बुकिंग के समय 100 रुपये एडवांस दिए गए थे, जबकि 400 रुपये बाकी थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बकाया रकम को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गईं।
sonbhadra
11:09 PM, Jun 4, 2026
Share:


400 रुपये के विवाद में घायल लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाते परिजन, कई की हालत गंभीर।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के सुपाचुंआ गांव में गुरुवार की शाम महज 400 रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट के दौरान धारदार हथियार से किए गए हमले में पांच लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार परनी गांव में आयोजित एक छठी कार्यक्रम के लिए सुपाचुंआ गांव से 500 रुपये में बैंड-बाजा बुक किया गया था। बुकिंग के समय 100 रुपये अग्रिम दिए गए थे, जबकि 400 रुपये का भुगतान बाकी रह गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों पक्ष सुपाचुंआ गांव पहुंचे, जहां गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे बकाया राशि को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इसी दौरान बैंड-बाजा पक्ष की ओर से धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में मिश्रीलाल (40), किशूनदेव (35), ब्रह्मदेव (32) पुत्रगण मोहन निवासी सुपाचुंआ तथा उनके बहनोई श्रवण कुमार (40) निवासी सरडीहा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से ईश्वर (45) पुत्र रामाधीन निवासी सुपाचुंआ को भी चोटें आई हैं।
विज्ञापन
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार घायलों के सिर, पेट, छाती और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल तीनों भाइयों और उनके बहनोई को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि 400 रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसमें पांच लोग घायल हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है तथा तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार मामूली रकम को लेकर हुए विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
