Sonbhadra News: ट्रक में घुसी बोलेरो, चार घायल; तीन की हालत गंभीर.
वाराणसी से दर्शन कर छत्तीसगढ़ लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो सोमवार को चोपन के पोस्ट ऑफिस के पास खड़े ट्रक से टकरा गई। चालक को झपकी आने से हुए हादसे में चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी चोपन में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची चोपन पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
sonbhadra
3:39 PM, Jun 8, 2026
Share:


चोपन के पोस्ट ऑफिस के पास खड़े ट्रक से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बोलेरो, हादसे में चार लोग घायल हुए।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंदन कुमार, चोपन।
सोनभद्र।
चोपन थाना क्षेत्र वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य राज्य मार्ग पर स्थित पोस्ट ऑफिस के समीप सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में वाराणसी से दर्शन कर लौट रही बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को वाहन से बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के थाना रंटोला क्षेत्र अंतर्गत ओढ़े गांव निवासी कुछ लोग वाराणसी में दर्शन-पूजन करने के बाद बोलेरो से अपने घर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान जब वाहन चोपन क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस के पास पहुंचा, तभी चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे बोलेरो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने रास्ते में चोपन बस स्टैंड पर रुककर चाय पी थी और मुंह भी धोया था, ताकि नींद दूर हो सके। इसके बावजूद कुछ दूरी तय करने के बाद उसे फिर झपकी आ गई, जिसके कारण यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। उपनिरीक्षक अभय यादव अपने हमराहियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तत्काल निजी वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया। घायलों में रविचंद पाठक (75 वर्ष), स्वाती जायसवाल (11 वर्ष) पुत्री महेंद्र प्रसाद, गोपट (54 वर्ष) पत्नी अयोध्या प्रसाद एवं किरण पत्नी महेंद्र (35वर्ष) शामिल हैं।
सीएचसी चोपन में तैनात चिकित्सक डॉ. नवनीत श्रीवास्तव ने बताया कि चारों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। जांच के दौरान तीन लोगों के सिर में गंभीर चोट तथा मुंह से रक्तस्राव पाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एक महिला समेत तीन घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि एक घायल का उपचार चोपन अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
