Sonbhadra News: डीजे बंद होने पर बारात में बवाल, मारपीट में युवक घायल, भागते समय किशोर कुएं में गिरा.
म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरबिल गांव में शनिवार रात डीजे बंद होने को लेकर घराती और बराती पक्ष में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान डीजे का साउंड बॉक्स गिरने से एक युवक घायल हो गया, जबकि भगदड़ में भागते समय 12 वर्षीय किशोर अंधेरे में कुएं में गिर गया।
sonbhadra
4:27 PM, Mar 15, 2026
Share:


गुस्से के माहौल के बीच शादी की रस्में पूरी कर सुबह दुल्हन की विदाई कराई गई।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरबिल गांव में शनिवार रात बभनी से आई बारात में डीजे बंद होने को लेकर घराती और बराती पक्ष के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान बारात में आई चार छोटी गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए गए। मारपीट के दौरान शादी में खाना बना रहे विद्याशंकर (35) पुत्र गुलाबचंद के सिर पर डीजे का साउंड बॉक्स गिर गया, जिससे वह घायल हो गया। वहीं भगदड़ के बीच दुल्हन की बड़ी बहन गीता देवी (27) बेहोश हो गई। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इसी बीच बारात देखने आया महेंद्र (12) पुत्र नंदलाल मारपीट से घबराकर भागने लगा और अंधेरे में एक कच्चे कुएं में गिर गया। साथ मौजूद आठ वर्षीय बालक के शोर मचाने पर महेंद्र के भाई राम और सुरेंद्र साड़ी के सहारे कुएं में उतरकर उसे बाहर निकाले। इसके बाद उसे करीब एक किलोमीटर तक गोद में उठाकर मुख्य सड़क तक लाया गया और निजी वाहन से सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया गया। सीएचसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. अराधना ने प्राथमिक उपचार के बाद किशोर की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद शादी की रस्में पूरी कर सुबह दुल्हन की विदाई कराई गई। थाना प्रभारी रामदरश राम ने बताया कि डीजे बंद होने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत करा दिया।
