Sonbhadra News: संवरा में विकास के दावों की खुली पोल, टूटी सड़कें-खराब नाली और अंधेरी गलियों से ग्रामीण परेशान.
बभनी के संवरा गांव में बदहाल सड़क, जर्जर नाली और स्ट्रीट लाइट की कमी से ग्रामीण परेशान हैं। प्राथमिक विद्यालय संवरा से डूभा बाजार जाने वाली सड़क की सोलिंग उखड़ी, जगह-जगह बड़े गड्ढे हादसों को दे रहे न्योता। भाकपा नेता देव कुमार विश्वकर्मा ने डीएम से जमीनी जांच कर समयबद्ध कार्रवाई की मांग की।
sonbhadra
8:20 PM, Sep 23, 2026
Share:


संवरा गांव की बदहाल सड़कें बनीं ग्रामीणों की परेशानी, कच्चे और जर्जर रास्तों से आवागमन को मजबूर ग्रामीण।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी विकासखंड की ग्राम पंचायत संवरा में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली से विकास के दावों की पोल खुल गई है। गांव में खराब और गड्डों वाली सड़कें ग्रामीणों व राहगीरों के लिए हादसों का डर बनी हुई हैं। बरसात में कच्चे रास्तों पर कीचड़ और गड्डों से आना-जाना और मुश्किल हो जाता है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा ने जिलाधिकारी का ध्यान संवरा गांव की समस्याओं की ओर दिलाया है। उन्होंने जमीनी हकीकत की जांच और तय समय में कार्रवाई की मांग की है। देव कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय संवरा से डूभा बाजार जाने वाली लिंक सड़क पर वर्षों पहले डाली गई सोलिंग जगह-जगह से उखड़ गई है। कई जगहों पर सड़क पर गिट्टी तक नहीं है। गांव में बनी लगभग दो किलोमीटर पक्की सड़क भी रखरखाव न होने से जगह-जगह टूट गई है। इसकी चौड़ाई भी कई जगहों पर काफी कम हो गई है। बड़े-बड़े गड्डों के कारण हादसे का डर बना रहता है। महरी टोला में लगभग 400 मीटर लंबी पुरानी नाली वर्षों से मरम्मत न होने के कारण खराब है। नाली की ईंटें तक कई जगहों से गायब हो गई हैं। बरसात में पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। ग्रामीणों को बाल्टी और डिब्बों से पानी बाहर निकालना पड़ता है। इससे हर साल पानी भरने को लेकर ग्रामीणों में झगड़ा होता है। संवरा गांव में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट न होने से शाम ढलते ही कई इलाके अंधेरे में डूब जाते हैं। खराब और संकरी सड़कों के साथ अंधेरा ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों और राहगीरों के लिए परेशानी और सुरक्षा का सवाल बन गया है। प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बने कई मकान आज भी प्लास्टर और दूसरे जरूरी काम न होने से अधूरे पड़े हैं। भाकपा जिला सह सचिव ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय संवरा से धनसिंह के घर तक पक्की सड़क बनाने के लिए साल 2022 से लगातार जिलाधिकारी और उत्तर प्रदेश सरकार को चिट्ठियां लिखी जा रही हैं। लेकिन, सड़क बनाने के लिए अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।



